

Devendra Fadnavis Gadchiroli News: गड़चिरोली जिले के पालकमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देशों के तहत अतिदुर्गम सिरोंचा तहसील में गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तेलंगाना राज्य से वैकल्पिक बिजली आपूर्ति व्यवस्था तैयार की जा रही है।
इसके लिए महापारेषण और महावितरण की ओर से बिजली अधोसंरचना के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। महावितरण के निदेशक (संचालन) धनंजय औंढेकर ने रविवार को इन कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
गड़चिरोली जिला मुख्यालय से करीब 250 किलोमीटर दूर स्थित सिरोंचा तहसील भौगोलिक तथा ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ ही अत्यंत दुर्गम क्षेत्र है। तहसील के पूर्व में छत्तीसगढ़ तथा दक्षिण में तेलंगाना राज्य की सीमा लगती है।
वर्तमान में सिरोंचा तहसील में घरेलू, व्यावसायिक, औद्योगिक, कृषि तथा अन्य श्रेणियों के कुल 13 हजार 928 बिजली उपभोक्ता हैं। सिरोंचा स्थित महापारेषण के 66/33 केवी उपकेंद्र से महावितरण के 33/11 केवी के पांच उपकेंद्रों को बिजली आपूर्ति की जाती है।
इसके माध्यम से पूरे तहसील को लगभग 22 मेगावाट बिजली उपलब्ध होती है। हालांकि, सिरोंचा के 66/33 केवी उपकेंद्र को आलापल्ली स्थित 132/66 केवी उपकेंद्र से करीब 93 किमी लंबी 66 केवी बिजली लाइन के माध्यम से बिजली मिलती है।
गड़चिरोली जिले के जिमलगट्टा क्षेत्र के घने जंगल, नदियों और नालों के कारण बारिश के मौसम में इस बिजली लाइन में खराबी आने पर उसका पता लगाना और मरम्मत करना बेहद कठिन हो जाता है।
इस क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क जैसी संपर्क सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। इसके चलते सिरोंचा के लिए वैकल्पिक बिजली आपूर्ति व्यवस्था तैयार करने का निर्णय लिया गया है।
महावितरण के विभिन्न उपकेंद्रों में आवश्यक नवीनीकरण कार्य भी जारी हैं। सिरोंचा में महावितरण का नया 33/11 केवी उपकेंद्र भी कार्यान्वित हो चुका है। इस उपकेंद्र में 5 एमवीए क्षमता के 2 पावर ट्रांसफॉर्मर लगाए गए हैं।
निदेशक अंढिकर ने यहां अतिरिक्त 5 एमवीए का एक और पावर ट्रांसफॉर्मर लगाने के निर्देश दिए, इस अवसर पर चंद्रपुर परिमंडल के मुख्य अभियंता हरिश गजबे, गड़चिरोली के अधीक्षक अभियंता प्रकाश खांडेकर, महापारेषण के अमलेश लोणारे, आलापल्ली विभाग के कार्यकारी अभियंता जितेंद्र वाघमारे, महापारेषण के विलास रंगारी, उपकार्यकारी अभियंता भारत बालपांडे समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
गड़चिरोली जिला के सिरोंचा तहसील को अब आलापल्ली और किस्तमपेठ (तेलंगाना) दोनों स्थानों से बिजली आपूर्ति की वैकल्पिक सुविधा उपलब्ध होगी। इससे तहसील के करीब 140 दुर्गम एवं अतिदुर्गम गांवों के लगभग 75 हजार नागरिकों को अधिक गुणवत्तापूर्ण और सुचारु बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
किस्तमपेठ से सिरोंचा तक वैकल्पिक बिजली व्यवस्था शुरू होने के बाद वर्तमान सिरोंचा-आलापल्ली 66 केवी बिजली लाइन की क्षमता बढ़ाकर उसे 132 केवी करने का प्रस्ताव भी तैयार किया जाएगा। इससे सिरोंचा तहसील की बिजली आपूर्ति व्यवस्था और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।