

Gadchiroli Student Success Story: घर के कमाऊ सदस्य की बीमारी से आर्थिक और पारिवारिक संकट, मां की खराब होती तबीयत और फिर उनका निधन इन कठिन परिस्थितियों के बावजूद एटापल्ली तहसील के बारसेवाड़ा निवासी आकाश मिरवा कुलयेटी ने शिक्षा की राह नहीं छोड़ी। चाचा-चाची के सहयोग, बहन के मजबूत साथ तथा शिक्षकों और मित्रों की आर्थिक मदद के बल पर गड़चिरोली से शुरू हुआ उसका शिक्षा का सफर अब ब्रिटेन तक पहुंच गया है।
आकाश का चयन ब्रिटेन के ब्रिस्टल विश्वविद्यालय में एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में स्नातकोत्तर शिक्षा के लिए हुआ है और वह फिलहाल वहां अध्ययनरत है। आकाश के पिता मिरवा मासा कुलयेटी वर्ष 1989 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। कुछ वर्षों तक सेवा करने के बाद वर्ष 2003-04 में उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें मानसिक बीमारी का सामना करना पड़ा। उस समय आकाश और उसकी बहन अश्विनी दोनों छोटे थे। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए मां कमल ने दोनों बच्चों की जिम्मेदारी संभाली।
हालांकि, बाद में उनकी भी तबीयत खराब रहने लगी और वर्ष 2019 में आकाश द्वारा बारहवीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद उनका निधन हो गया। मां के निधन के बाद चाचा-चाची ने आकाश और अश्विनी के पालन-पोषण की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने दोनों को अपने बच्चों की तरह ही प्यार और सहयोग दिया। आज भी परिवार के करीब 14 सदस्य एक साथ रहते हैं और आकाश के पिता की भी परिवार द्वारा देखभाल की जाती है।
आकाश की बहन अश्विनी ने बारहवीं के बाद स्नातक की पढ़ाई दूसरे वर्ष तक पूरी की, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी कारणों से आगे की पढ़ाई छोड़नी पड़ी। वर्तमान में वह होटल प्रबंधन के क्षेत्र में नौकरी कर रही हैं। उन्होंने भी आकाश की उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग दिया। आकाश के सफर की एक खास बात उसका कला के प्रति लगाव भी है। उसने किसी कला शिक्षक से औपचारिक प्रशिक्षण नहीं लिया। निरीक्षण, प्रयोग और अपने प्रयासों के जरिए उसने चित्रकला और कलानिर्माण सीखा।
आकाश लकड़ियों, सूखे पत्तों और प्रकृति में उपलब्ध विभिन्न वस्तुओं का उपयोग कर वह कलाकृतियां तैयार करता है, गड़चिरोली के जंगलों, पेड़ों, पतों और प्रकृति के सामान्य तत्वों को देखने का उसका नजरिया उसकी कला में दिखाई देता है। एक ओर वह एयरोस्पेस इंजीनियरिंग का अध्ययन कर रहा है, तो दूसरी ओर गड़चिरोली की मिट्टी और प्रकृति से प्रेरित कला को आकार दे रहा है। तकनीक और कला का यह अनूठा संगम आकाश की संघर्षपूर्ण लेकिन प्रेरणादायी यात्रा को खास बनाता है।