नवरात्री गरबा में लेजर लाइट बैन, तेज आवाज पर FIR! नासिक पुलिस का कड़ा फरमान, तैनात होंगे महिला सुरक्षा दस्ते

Nashik Navratri Garba Rules 2026: नासिक में नवरात्रि गरबा आयोजनों के लिए पुलिस ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। लेजर लाइट पर बैन रहेगा और ध्वनि सीमा तोड़ने पर आपराधिक मामला दर्ज होगा।
Nashik Navratri Garba Laser Light Ban
गरबा में लेजर लाइट बैन, DJ की आवाज पर सख्तीसोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Nashik Navratri Garba Laser Light Ban: नवरात्रि के दौरान नासिक में गरबा और डांडिया आयोजनों को लेकर पुलिस ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। गरबा स्थलों पर लेजर लाइट पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने पर आपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा।

गरबा आयोजकों के लिए सख्त दिशा-निर्देश

गणेशोत्सव के बाद अब शहर में शारदीय नवरात्रि की तैयारियां तेज हो गई हैं। उत्सव शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए नासिक पुलिस प्रशासन ने गरबा और डांडिया आयोजकों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

पुलिस के अनुसार, गरबा कार्यक्रमों में लेजर लाइट के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही गरबा मैदान, लॉन, होटल और अन्य आयोजन स्थलों पर लगाए जाने वाले साउंड सिस्टम और DJ की आवाज निर्धारित ध्वनि सीमा के भीतर रखना अनिवार्य होगा।

ध्वनि प्रदूषण पर सीधे कार्रवाई

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से देर रात तक चलने वाले गरबा और डांडिया आयोजनों पर पुलिस की नजर रहेगी।

पुलिस की टीमें आयोजन स्थलों पर अचानक जांच कर नियमों के पालन की स्थिति देख सकती हैं। आयोजकों की जल्द बैठक लेकर नवरात्रि के दौरान लागू होने वाले अंतिम दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आयोजकों से पहले से नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

Nashik Navratri Garba Laser Light Ban
फसलें सूखी, कुओं का पानी रीता, नासिक-येवला के 12 गांवों में टैंकरों से सप्लाई; सोयाबीन-मक्का की फसलें बर्बाद

30 से ज्यादा मेलों में अतिरिक्त पुलिस बल

नवरात्रि के दौरान नासिक जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कालिका माता मंदिर, भगूर की रेणुका देवी, सप्तशृंगगढ़ और चांदवड समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक और पुलिस अधीक्षक डॉ. डी. एस. स्वामी ने संबंधित पुलिस थानों को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। येवला और मालेगांव सहित जिले में 30 से अधिक स्थानों पर मेले आयोजित होंगे। इन स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और होमगार्ड तैनात किए जाएंगे।

Nashik Navratri Garba Laser Light Ban
मुंबई की झीलों में घटा जलस्तर: विदाई से पहले 95.84% पहुंचा जल भंडार, मोडक सागर में सबसे कम 76.91% पानी

महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष नजर

गरबा और डांडिया स्थलों पर महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के लिए दामिनी और निर्भया पथक की तैनाती की जाएगी। भीड़ में असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए क्राइम ब्रांच के पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे।

पुलिस ने महिलाओं और युवतियों से किसी भी तरह की परेशानी या आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 अथवा पुलिस हेल्पलाइन से संपर्क करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि नवरात्रि के दौरान भीड़ प्रबंधन, महिला सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com