Easter 2026 Bhandara News: भंडारा प्रभु यीशु मसीह के पुनरुत्थान का पावन पर्व ईस्टर वर्शिप चर्च फेलोशिप भंडारा में हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष आराधना सभा में बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के लोग उपस्थित रहे।
भक्तों ने प्रार्थना के माध्यम से प्रभु यीशु मसीह के पुनरुत्थान की खुशी व्यक्त की। इस दौरान पास्टर बरनाबस संदेश ने ईस्टर का आध्यात्मिक महत्व बताते हुए कहा कि प्रभु यीशु मसीह का पुनरुत्थान केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि आशा, नए जीवन और विजय का प्रतीक है।
उन्होंने उपस्थित जनों को विश्वास और सकारात्मकता के साथ जीवन जीने का संदेश दिया। आराधना सभा के माध्यम से मानव जीवन में प्रेम, विश्वास और नई शुरुआत के महत्व पर जोर दिया गया। पास्टर ने सभी को प्रेम और उत्साह के साथ जीवन जीने तथा प्रभु यीशु के शांति और क्षमा के संदेश को अपने आचरण में उतारने की प्रेरणा दी।
चर्च परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरे वातावरण में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। सामूहिक प्रार्थना और भजनों के साथ संपन्न यह विशेष आराधना सभा आध्यात्मिक ऊर्जा और आनंद से परिपूर्ण रही।