Rajapur Water Crisis News: ग्राम बघेड़ा गोबरवाही क्षेत्रीय जल आपूर्ति योजना के अंतर्गत आने वाले राजापुर गांव में पेयजल संकट गंभीर रूप ले चुका है। पिछले 15 दिनों से नियमित जल आपूर्ति ठप है। जो पानी मिल रहा है, वह भी दूषित होने की शिकायत सामने आई है।
इससे ग्रामीणों में भारी नाराज़गी है। पानी की समस्या को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण ग्राम पंचायत कार्यालय के सामने एकत्र हुए और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित विभाग से बार-बार संपर्क करने के बावजूद समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
इस दौरान ग्रामीणों ने जल आपूर्ति उपविभागीय अभियंता हर्षदीप बंसोड़ को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं। प्रमुख मांगों में स्वच्छ और नियमित जल आपूर्ति की तत्काल बहाली, दूषित पानी की समस्या का समाधान, ठेकेदार की ओर से नियुक्त जल आपूर्ति कर्मचारी को हटाना, तथा मौजूदा छोटी पाइपलाइन के स्थान पर बड़ी पाइपलाइन बिछाने की मांग शामिल है।
इसके अलावा ग्रामीणों ने यह भी मांग की कि जब तक समस्या का पूर्ण समाधान नहीं होता, तब तक संबंधित ठेकेदार का भुगतान रोका जाए। ग्रामीणों ने प्रशासन को साफ चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वे सड़क जाम आंदोलन करेंगे।
इस चेतावनी के बाद प्रशासन में हलचल तेज हो गई है। गांव में पुरानी और नई दोनों पाइपलाइनों से जल आपूर्ति की जा रही थी, लेकिन नई पाइपलाइन की टेस्टिंग अधूरी रहने के कारण समस्या उत्पन्न हुई।
दो दिनों के भीतर स्थिति को सुधार लिया जाएगा।
हर्षदीप बंसोड़
उपविभागीय अभियंता।