एक नाथ शिंदे
कोल्हापुर : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि अगर आगामी चुनावों में उनकी सरकार को राज्य की महिलाओं का समर्थन मिला तो लाडकी बहिन योजना की राशि बढ़ाकर 3,000 रुपये भी की जा सकती है। इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। वे कोल्हापुर में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि आखिर विपक्षी दल उनकी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लेकर ईर्ष्या क्यों करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में शिवसेना, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) का महायुति गठबंधन सत्ता में वापसी करेगा।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मंगलवार को कोल्हापुर पहुंचे थे। वे यहां कन्हेरी मठ में धर्म ध्वज के उद्घाटन के अवसर पर संतों के एक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले शुरू की गई महायुति गठबंधन सरकार की महत्वाकांक्षी कल्याणकारी योजना ‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना’ के तहत 21 से 65 वर्ष की विवाहित, विधवा और बेसहारा महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये दिए जा रहे हैं। इसके लिए लाभार्थी की वार्षिक पारिवारिक आय 2.5 लाख रुपये तक होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र चुनाव से पहले हिंदुओं को साधने में जुटी महायुति, 800 बुजुर्गों को कराएगी अयोध्या में रामलला के दर्शन
इस दौरान मुख्यमंत्री ने लाडकी बहिन योजना को लेकर सरकार की आलोचना करने पर विपक्षी पार्टियों की जमकर आलोचना की। उन्होंने सवालिया लहेजे में पूछा कि आखिर विपक्षी पार्टियों को उनकी जनकल्याणकारी योजनाओं से ईर्ष्या क्यों हो रही है? मुख्यमंत्री ने कहा, अगर राज्य की सभी प्यारी बहनें सरकार को ताकत देंगी तो सरकार इसे 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये कर देगी। यहां तक कि इसे 3,000 रुपये तक भी किया जा सकता है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने देसी गायों को राज्यमाता-गोमाता घोषित करने के सरकार के कदम को ऐतिहासिक बताते हुए इसकी जमकर सराहना की।
(एजेंसी इनपुट के साथ)