समृद्धि महामार्ग पर कार रोककर डेढ़ लाख की चेन लूटी, संभाजीनगर पुलिस ने 3 दिन में पांच आरोपी किये गिरफ्तार

Chain Robbery In Nashik: समृद्धि महामार्ग पर फॉर्च्यूनर रोककर चालक से डेढ़ लाख की सोने की चेन लूटने वाले गिरोह का तीन दिन में पर्दाफाश, दिल्ली-नासिक-बीड से पांच आरोपी गिरफ्तार।
Samruddhi Highway Chain Robbery
पुलिस की गिरफ्त में बदमाश(फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Samruddhi Highway Chain Robbery: समृद्धि महामार्ग पर वाहन रोककर चालक के साथ मारपीट करते हुए उसके गले से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की सोने की चेन लूटने वाले गिरोह का छत्रपति संभाजीनगर ग्रामीण पुलिस ने तीन दिन में पर्दाफाश किया है।

स्थानीय अपराध शाखा और वैजापुर पुलिस ने दिल्ली, नासिक और बीड में कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में इस्तेमाल एक्सयूवी-700 वाहन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

शीशा नीचे करते ही चालक के कान पर मारा थप्पड़

पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को राहुरी, जिला अहिल्यानगर निवासी एक व्यक्ति अपने वाहन से समृद्धि महामार्ग से जा रहा था। हडस पिंपलगांव के पास एग्जिट क्रमांक 18 के निकट आरोपियों ने उसका वाहन रोक लिया जब चालक द्वारा वाहन का शीशा नीचे करते ही आरोपियों ने उसके कान पर वार किया और गले में पहनी करीब 1 लाख 50 हजार रुपये कीमत की सोने की चेन जबरन छीनकर फरार हो गए। शिकायत के बाद वैजापुर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।

रायमोहा से पहली गिरफ्तारी, फिर दिल्ली तक पहुंची पुलिस

पुलिस अधीक्षक प्रकाश जाधव के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा और वैजापुर पुलिस ने जांच शुरू की। 29 अगस्त को पुलिस ने किरण अजिनाथ गायकवाड़ (25), निवासी हिवरसिंगा, तहसील शिरूर कासार, जिला बीड को रायमोहा से हिरासत में लिया। उससे पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस दिल्ली पहुंची।

दिल्ली के प्रसाद नगर क्षेत्र से परशुराम मोहन गायकवाड़ (26), निवासी एकनाथवाडी, तहसील पाथर्डी, जिला अहिल्यानगर तथा करण भरत जाधव (22), निवासी मिडसावंगी, तहसील पाथर्डी, वर्तमान निवासी बीड को गिरफ्तार किया।

Samruddhi Highway Chain Robbery
कागजों पर दौड़ रही 10 Lane Road! 222 करोड़ रूपऐं की द्वारका-नासिकरोड 10 लेन सड़क का काम अटका

नासिक और बीड से भी आरोपी दबोचे

स्थानीय अपराध शाखा के दल ने मामले में इस्तेमाल एक्सयूवी-700 वाहन के साथ अनिल जयराम जाधव, निवासी नाईकनगर, बीड बायपास, छत्रपति संभाजीनगर को नासिक जिले के येवला से गिरफ्तार किया। वहीं पंडीत उर्फ चन्नाअप्पा सखाराम लष्करे, निवासी सैनिक विद्यालय परिसर, बीड को बीड शहर से पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, परशुराम गायकवाड़ सराईत अपराधी है और उसके खिलाफ विभिन्न जिलों में 20 से अधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत स्वामी के मार्गदर्शन में उपविभागीय पुलिस अधिकारी भागवत फुंदे, परिवीक्षाधीन पुलिस उपअधीक्षक विनय सोनवणे, स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक विजयसिंह राजपूत तथा स्थानीय अपराध शाखा, वैजापुर पुलिस, साइबर पुलिस और तकनीकी विश्लेषण दल ने की।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com