

Chhatrapati Sambhajinagar News: महात्मा गांधी मिशन अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज के उपाधीक्षक डॉ. प्रविण सूर्यवंशी को चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए लोकविकास नागरी सहकारी बैंक लिमिटेड, छत्रपति संभाजीनगर की ओर से ‘जीवन गौरव पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में देशभर में उन्नत शल्य चिकित्सा तकनीक और सुविधाओं को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों को भी सम्मान में विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
डॉ. सूर्यवंशी ने मरीजों की सेवा, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और सामाजिक जिम्मेदारी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है।जटिल शल्यक्रियाओं को सफलतापूर्वक अंजाम देने के साथ उन्होंने मरीजों में विश्वास और सुरक्षा की भावना कायम की है। उनके अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ चिकित्सकों तथा चिकित्सा विद्यार्थियों को भी मिल रहा है. मार्गदर्शक के रूप में उनका योगदान महत्वपूर्ण माना जाता है।
आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने तथा सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी के कारण उनके कार्य को व्यापक सामाजिक महत्व मिला है। लगातार चिकित्सा सेवा, समर्पण और सामाजिक प्रतिबद्धता को देखते हुए बैंक ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
डॉ. सूर्यवंशी ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका नहीं, बल्कि उनके मरीजों की सेवा की यात्रा में साथ देने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान है। आधुनिक चिकित्सा तकनीक और गुणवत्तापूर्ण उपचार सुविधाएं गरीब एवं जरूरतमंदों सहित समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। एमजीएम के उपाध्यक्ष डॉ. पी.एम. जाधव, सचिव अंकुशराव कदम, अधिष्ठाता डॉ. राजेंद्र बोहरा सहित संबंधित अधिकारियों और सहयोगियों ने डॉ. सूर्यवंशी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।