चंद्रपुर: खेत के गोठे में भीषण आग से एक बैल की मौत, कृषि उपकरण खाक; पीड़ित किसान को 4 लाख का नुकसान
Chandrapur Fire News: चंद्रपुर की वरोरा तहसील में एक किसान के गोठे में अचानक आग लगने से एक बैल की मौत हो गई और कृषि सामग्री जलकर राख हो गई। पीड़ित किसान को करीब 4 लाख का नुकसान हुआ है।
- Written By: रूपम सिंह
खेत में भीषण आग (फोटो सोर्स- नवभारत)
Chandrapur Warora Farm Fire: वरोरा तहसील के आल्फर गांव स्थित खेत क्षेत्र में किसान के गोठे (टीन शेड) में अचानक आग लगने की घटना सामने आई है। यह हादसा बुधवार सुबह करीब 10.45 बजे हुआ। आग में एक बैल की मौत हो गई, जबकि दूसरा बैल गंभीर रूप से झुलस गया। इसके अलावा पशुओं का चारा, कृषि उपकरण तथा सप्रिंकल पाइप जलकर राख हो गए। इस घटना में किसान को लगभग चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आल्फर निवासी किसान सुखदेव मारोती गराटे (75) के पास करीब 10 एकड़ कृषि भूमि है। उन्होंने खेत में पशुओं तथा कृषि उपयोगी सामग्री रखने के लिए टिन का गोठा बनाया था। घटना के समय गोठे में दो बैल, पशुओं का चारा तथा लगभग 80 प्रिंकल पाइप रखे हुए थे।
पूरा सामान जलकर राख
आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया,जिससे गोठे में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया। खेत में मौजूद लोगों ने आग लगने की सूचना किसान को दी, जिसके बाद वे तुरंत घटनास्थल पहुंचे। लेकिन तब तक पूरा सामान जलकर राख हो चुका था, जिसे देखकर किसान को गहरा सदमा लगा।
सम्बंधित ख़बरें
गड़चिरोली में दर्दनाक हादसा! मछली पालन के टैंक में पैर फिसलने से गिरने के कारण किसान की डूबकर मौत
नवभारत विशेष: असहमति के अधिकार बिना अधूरा है लोकतंत्र, बॉम्बे हाईकोर्ट का ऐतिहासिक फैसला
महाराष्ट्र में बारिश से हाहाकार: भूस्खलन और हादसों में 29 की मौत, विधानसभा ठप, मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख
अमरावती में रेत तस्करों पर LCB का बड़ा ऐक्शन; 2 ट्रक अमरावती में रेत तस्करों पर LCB का बड़ा ऐक्शन; 2 ट्रक और ट
घटना की जानकारी मिलते ही वरोरा नगर परिषद अग्निशमन दल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। तलाठियों ने घटनास्थल का पंचनामा किया। इस दौरान गांव के पुलिस पाटिल भी उपस्थित थे। वहीं पशु चिकित्सकीय अधिकारियों ने घायल बैल की जांच कर उसका उपचार शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें:- नासिक में पानी के लिए महिलाओं का ‘खाली घड़ा मोर्चा’, जिला परिषद सीईओ की गाड़ी रोककर पूछा- क्या आप पिएंगे
खेती के मौसम से पहले किसान पर दोहरी मार
खेती का मौसम शुरू होने से पहले ही करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की बैलजोड़ी आग की चपेट में आने से चंद्रपुर किसान के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। अब किसान के सामने यह सवाल है कि वह कर्ज लेकर नई बैलजोड़ी खरीदे या खेती के काम कैसे शुरू करे। क्षेत्र के नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल पंचनामा के आधार पर नुकसान का मुआवजा देकर पीड़ित किसान को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
