चंद्रपुर: शेगांव बुजुर्ग मार्ग पर सड़क निर्माण में लापरवाही, 7 दिनों से बस सेवा बंद, स्कूली बच्चों की पढ़ाई ठप
Chandrapur Road News: शेगांव बुजुर्ग से चंदनखेड़ा-मुधोली मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण कार्य की अव्यवस्था के चलते पिछले एक हफ्ते से बस सेवा बंद है। कई गांवों के स्कूली छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
- Written By: केतकी मोडक
मुधोली- मोहरली मार्ग (सोर्स- फोटो नवभारत)
Shegaon Buzurg Road Widening Issues: चंद्रपुर में शेगांव बुजुर्ग से चंदनखेड़ा, मुधोली और मोहरली मार्ग पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य में कथित अव्यवस्थित योजना का खामियाजा स्थानीय लोगों और यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। पिछले 1 सप्ताह से इस मार्ग पर बस सेवा बंद होने से विशेष रूप से स्कूली विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, इस सड़क के चौड़ीकरण का कार्य पिछले कई दिनों से जारी है। सड़क निर्माण का ठेका यादव कंस्ट्रक्शन, वर्धा को दिया गया है। करीब 6 माह पहले जिले के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया था, जिसके बाद लगभग 2 महीने पश्चात निर्माण कार्य शुरू हुआ।
पूरी सड़क खोदने से बढ़ा संकट, हादसों का डर
चंद्रपुर जिले के इस मार्ग पर स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी ने सड़क के एक हिस्से पर काम करते हुए दूसरे हिस्से से यातायात चालू रखने की व्यवस्था नहीं की। इसके बजाय पूरी सड़क खोदकर उस पर मुरूम और गिट्टी बिछा दी गई।
सम्बंधित ख़बरें
कल्याण अस्पताल कांड: महिला डॉक्टर से मारपीट बर्दाश्त नहीं, शिंदे करेंगे कार्रवाई, भरतशेठ गोगावले का बड़ा बयान
हॉकर्स बनाम मनपा: नागपुर सीताबर्डी में अतिक्रमण हटाने पर बढ़ा विवाद, पुलिस ने संभाला मोर्चा
लोनावला-कर्जत घाट में भारी भूस्खलन, 36 घंटे से मुंबई-पुणे रेल मार्ग पूरी तरह ठप, 146 ट्रेनों पर पड़ा बुरा असर
विदर्भ का नंदनवन चिखलदरा बना पर्यटकों की पहली पसंद, वीकेंड पर वन-वे ट्रैफिक लागू
हाल ही में हुई बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ फैल गया है, जिससे वाहन फिसलने और छोटे-मोटे हादसों की घटनाएं सामने आ रही हैं। सड़क की खराब स्थिति के चलते परिवहन विभाग ने पिछले 1 सप्ताह से शेगांव बुजुर्ग-चंदनखेड़ा-मुधोली बस सेवा बंद कर दी है। फिलहाल बसों का संचालन शेगांव-आष्टा मार्ग से किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- वर्धा गोरस भंडार मामले में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, FDA की कार्रवाई अवैध घोषित
वैकल्पिक व्यवस्था करें
इधर, 30 जून से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन बस सेवा बंद होने के कारण मुधोली, काटवल, विलोडा, कोकेवाड़ा, चंदनखेड़ा और शेगांव खुर्द सहित कई गांवों से शेगांव आने वाले विद्यार्थियों के सामने विद्यालय पहुंचने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
इससे पिछले 1 सप्ताह से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक यातायात व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए, ताकि बस सेवा जल्द बहाल हो सके और लोगों को हो रही परेशानी से राहत मिल सके।
