चंद्रपुर में नकली सोयाबीन बीज का बड़ा फर्जीवाड़ा, 17 किसानों की फसल चौपट, कंपनी-सप्लायर पर एफआईआर
Chandrapur Fake Soybean Seeds: चंद्रपुर में नकली सोयाबीन बीज से 17 किसानों की फसल प्रभावित हुई। जांच में बीज दोषपूर्ण पाए जाने के बाद सप्लायर व कंपनी के खिलाफ FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
- Written By: अंकिता पटेल
चंद्रपुर सोयाबीन नकली बीज,(सोर्स सोशल मीडिया)
Soybean Seed Fraud Case: चंद्रपुर जिले के भद्रावती तहसील के कान्सा और शिरपुर गांव में नकली सोयाबीन बीज का बड़ा मामला सामने आया है। बुआई के बाद भी बीज अंकुरित नहीं होने से 17 किसान दोबारा बुआई करने और भारी आर्थिक नुकसान झेलने को मजबूर हो गए हैं। कृषि विभाग की जांच में बीज की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने के बाद बीज सप्लायर और संबंधित कंपनी के खिलाफ भद्रावती पुलिस थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
नकली सोयाबीन बीज मामले में सप्लायर पर केस
जानकारी के अनुसार किसानों ने खरीफ सीजन की शुरुआत में सोयाबीन की बुआई की थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी खेतों में अंकुरण नहीं हुआ। शिकायत मिलने पर कृषि विभाग की टीम ने प्रभावित खेतों का निरीक्षण किया और पंचनामा तैयार किया। जांच में सामने आया कि किसानों को उपलब्ध कराए गए बीज मानकों पर खरे नहीं उतरे।
जांच रिपोर्ट के आधार पर गुणवत्ता नियंत्रण निरीक्षक की शिकायत पर संभाजीनगर निवासी बीज सप्लायर राहुल रामभाऊ उर्मी तथा बूस्टर प्लांट जेनेरिक प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ भद्रावती पुलिस थाने में धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
सम्बंधित ख़बरें
मुंबई में कुत्ते काटने के मामले 20% बढ़े: BMC चलाएगी 23 करोड़ का नसबंदी और मुफ्त रैबीज टीकाकरण अभियान
‘सरकार लौटा सकती है मेरी बेटी?’ NEET Protest में नागपुर सुसाइड विक्टिम की मां का कलेजा चीरने वाला सवाल
लाडकी बहिण योजना में बड़ा उलटफेर: E-KYC जांच में 80 लाख महिलाएं अपात्र; 1.66 करोड़ को ही मिलेगा लाभ
राज्य उत्पाद शुल्क विभाग की कार्रवाई: अकोला के बालापुर में मिनी शराब फैक्ट्री सील, मास्टरमाइंड की तलाश तेज
अधिकारियों की भूमिका पर भी उठे सवाल
इस पूरे प्रकरण के बाद कृषि विभाग के कुछ अधिकारियों की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है। किसानों का आरोप है कि भारी नुकसान होने के बावजूद मामले की जानकारी सार्वजनिक करने में देरी की गई। वहीं, गुणवत्ता नियंत्रण निरीक्षक प्रफुल आडकिने से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने जानकारी देने से इनकार कर दिया और बाद में उनका मोबाइल भी बंद मिला, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है।
यह भी पढ़ें:-राज्य उत्पाद शुल्क विभाग की कार्रवाई: अकोला के बालापुर में मिनी शराब फैक्ट्री सील, मास्टरमाइंड की तलाश तेज
भद्रावती थाना प्रभारी योगेश्वर पारधी ने बताया कि कृषि विभाग की शिकायत के आधार पर प्राथमिक जांच में नकली बीज का मामला सामने आया है। इसी आधार पर बीज सप्लायर और संबंधित कंपनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
