Chandrapur News: चंद्रपुर में छात्रों के समर्थन में बंद और विरोध प्रदर्शन, कई संगठनों ने निकाली रैली
Chandrapur Closed: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में चंद्रपुर, सावली और ब्रह्मपुरी में विरोध प्रदर्शन किया गया।
- Written By: आंचल लोखंडे
छात्र विरोध प्रदर्शन- फाइल फोटो (सोर्सः सोशल मीडिया)
Chandrapur Student Protest: जंतर मंतर पर शांतिपूर्ण रूप से आंदोलन कर रहे मासूम छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का चंद्रपुर में तीव्र निषेध किया गया। गुरुवार को इसके लिए चंद्रपुर बंद का आह्वान किया गया था। अचानक किये गए इस आह्वान को चंद्रपुर में मिला जुला प्रतिसाद मिला, हालाकि इस आंदोलन में विविध संगठनों के छात्र स्वप्रेरणा से सामने आए। इसके अलावा वंचित बहुजन आघाडी, अ.भा. रिपाई (खो.), अ.भा. रिपब्लिकन पार्टी, रिपाई गवई गुट, जनविकास सेना, बीआरएसपी आदि ने बढ चढ कर हिस्सा लिया।
वहीं सामाजिक संगठनों में भीम आर्मी, समता सैनिक दल, भारतीय बौध्द महासभा, बहुजन हितकारिणी सभा, भीमशक्ति आदि के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी शामिल हुए। सुबह 8 बजे सभी एकत्रित हुए व शहर के मुख्य मार्केट गोल बाजार में बंद का आह्वान किया गया। उसके बाद प्रियदर्शनी चौक से जटपुरा गेट होते हुए कस्तूरबा मार्ग में रैली द्वारा आह्वान किया गया।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
यह रैली गांधी चौक होते हुए डॉ. बाबासाहब आंबेडकर पूर्णाकृति प्रतिमा परिसर पहुंची। हाथ में केवल तिरंगा ध्वज लेकर नारे लगाते हुए शांति से यह लोग छात्रों के साथ चल रहे थे। कई छात्रों ने हाथ में बैनर पकड़े हुए थे। जिसमें छात्रों को न्याय देने, शिक्षा व्यवस्था को सुचारु व पारदर्शी बनाने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे व पीड़ित छात्रों के परिजनों को मुआवजे की बात कही गयी थी।
सम्बंधित ख़बरें
Explainer: छात्रों को नया लॉलीपॉप या सच में पेपर लीक रोक सकता है नया विधेयक? जानें नए कानून में क्या है खास
अब आवारा कुत्तों के शरीर में लगेगी माइक्रोचिप, अहिल्यानगर के संगमनेर नगर परिषद में शुरू हुआ अनोखा मिशन
तिरंगा लेकर चल रहे छात्र को लगी गोली…राहुल गांधी का बड़ा आरोप, पैलेट गन से घायल युवक को लेकर आए साथ
पुणे के मॉडल स्कूल का निर्माण अधूरा, 1.26 करोड़ मंजूर फिर भी छात्रों की सुरक्षा पर खतरा
नीट पेपर बिक्री के पीड़ितों को मुआवजा दें
नीट पेपर बिक्री के कारण जिन 22 छात्रों का भविष्य तबाह हुआ और तनाव में जिन्होंने अपनी जीवनयात्रा समाप्त कर दी ऐसे सभी पीड़ितों के परिवार को केंद्र सरकार की ओर से 1-1 करोड़ रुपए मुआवजा देने की मांग गुरुवार के आंदोलन दौरान की गई। केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेने के साथ ही सोमवार को हुए लाठीचार्ज का तीव निषेध किया गया।
फिर धरना देंगे छात्र
दिल्ली में छात्रों के आंदोलन दौरान जिस बर्बरता से लाठीचार्ज व अत्याचार हुए इसका निषेध आज सभी ने किया, परंतु विविध छात्रों ने एक दिन फिर से इसके खिलाफ धरना आंदोलन करने की घोषणा इस अवसर पर की। हालाकि इसकी तारीख आज तय नहीं हुई है। परंतु यह धरना आंदोलन पूरी तरह से छात्रों का छात्रों व्दारा छात्रों के लिए किया जाने वाला धरना आंदोलन होगा।
सावली में सर्वदलीय मोर्चा
जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन और प्रदर्शनकारियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को सावली शहर में सर्वदलीय मोर्चा निकाला गया। पूरे शहर में विरोध प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की। दोपहर एक बजे पुराने नगर पंचायत कार्यालय परिसर से शुरू हुआ मोर्चा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तहसील कार्यालय पहुंचा। तहसील कार्यालय परिसर में मोर्चा सभा में तब्दील हो गया। सभा को छात्र प्रतिनिधियों ओम राऊत, प्रद्युत डोहणे और वालदे सहित विजय कोरेवार, लता लाकड़े, प्रफुल्ल तुम्मे, मुक्कदर मेश्राम तथा कृष्णा राऊत ने संबोधित करने के बाद ज्ञापन सौंपा गया।
ब्रह्मपुरी में सड़क जाम कर प्रदर्शन
गुरुवार को ब्रह्मपुरी में बंद का व्यापक असर देखने को मिला, विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों के आह्वान पर शहर में रैली निकाली गई तथा सड़क जाम कर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया।
ये भी पढ़े: Akola News: मां की कुल्हाड़ी से हत्या के आरोपी की जमानत खारिज, अकोट कोर्ट का बड़ा फैसला
आंदोलनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है, साथ ही, 21 जुलाई को विद्यार्थियों के समर्थन में प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करने के दौरान राहुल गांधी तथा कांग्रेस के कई सांसदों की गिरफ्तारी का भी विरोध किया गया, ब्रहमपुरी बंद का आह्वान किया गया, रैली दौरान कई प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर मुंडन कराकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। इसके बाद प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी चौक पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया गया, प्रदर्शन का नेतृत्व भाकपा नेता विनोद झोडगे ने किया। भाजपा व मित्रदलों को छोड अन्य सभी राजनीतिक संगठन व दल सक्रिय रहे।
