चंद्रपुर में फिर दोस्ताना मुकाबला? UBT और कांग्रेस आमने-सामने, स्थायी समिति सभापति पद के लिए रस्साकशी शुरू!
Chandrapur Standing Committee Election 2026: चंद्रपुर महानगरपालिका में स्थायी समिति सभापति के लिए मुकाबला तय। उबाठा की मनस्वी गिरहे और कांग्रेस के वसंता देशमुख के बीच भिड़ंत। 16 मार्च को होगा फैसला।
- Written By: प्रिया जैस
चंद्रपुर महानगरपालिका (सौजन्य-नवभारत)
Chandrapur Municipal Corporation News: चंद्रपुर स्थानीय मनपा में 16 मार्च को हो रहे स्थायी समिति सभापति चुनाव में शिवसेना (ठाकरे) और कांग्रेस पुनः आमने सामने आ गए है। इस चुनाव के लिए शुक्रवार को उबाठा की ओर से मनस्वी गिरहे और कांग्रेस की ओर से वसंता देशमुख ने नामांकन दाखिल किए। उबाठा और कांग्रेस प्रत्याशियों ने एक दूसरे के खिलाफ अपने नामांकन दाखिल किए जाने से पुनः एक बार राजनीतिक महकमे में हलचल देखने मिल रही है।
उल्लेखनीय है कि, उबाठा की मनस्वी ने भाजपा तथा शिवसेना (शिंदे) गुट की ओर से अपना नामांकन दाखिल किया है। यह तीनों दलों ने मिलकर मनपा में मेयर पद का चुनाव जीतते हुए सत्ता काबिज की है। भाजपा, शिवसेना (शिंदे) और उबाठा गठबंधन को अब 16 मार्च को होने जा रहे मनपा के स्थायी समिति सभापति के चुनाव में पुनः एक बार अग्नि परीक्षा से गुजरना पड़ सकता है।
रोचक होगा मुकाबला
मनपा में किसी भी राजनीतिक दल के पास पूर्ण बहुमत नहीं होने से तथा स्टैंडिंग कमेटी के लिए दोनों दलों के पास मनोनीत सदस्यों की संख्या एक समान होने से मनपा में स्टैंडिंग कमेटी पर कब्जा जमाने अब मनपा में सत्तासीन भाजपा गठबंधन के घटक दल उबाठा और कांग्रेस गठबंधनों के बीच रस्साकशी होना तय है। मनपा में महापौर तथा उपमहापौर के अलावा स्टैंडिंग कमेटी को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
सम्बंधित ख़बरें
अकोला: पाइप लाइन फटने से दूकान में पानी भरा, व्यापारी को हुआ आर्थिक नुकसान
राज्य में सड़क दुर्घटनाओं और मृत्युदर में आई कमी, अकोला में भी पुलिस अधीक्षक की पहल
युवती के फोटो वायरल कर बदनामी, जबरन विवाह की धमकी देने पर मामला दर्ज
भीषण गर्मी में बालापुर तहसील के गांवों में जलसंकट, प्रशासनिक उपाय योजनाएं कागजों तक सीमित
मनपा में जिसके पास स्टैंडिंग कमेटी होती है, उसी के पास असली पावर होती है, यूं कहें तो सत्ता के तिजोरी की चाबी होती है। यही कारण है कि, इस मनपा में स्टैंडिंग कमेटी का चुनाव जीतना अब सत्तारूढ़ भाजपा गठबंधन के लिए बेहद प्रतिष्ठा का विषय बन चुका है। यह भी उल्लेखनीय है कि, स्थानीय मनपा में स्टैंडिंग कमेटी के कुल सदस्यों की संख्या 16 है, जिनमें से भाजपा गठबंधन के पास 8 सदस्य होंगे।
पराजय का करना पड़ा सामना
वहीं दूसरी ओर मनपा में सर्वाधिक सीटें जीतने के बावजूद मेयर तथा डिप्टी मेयर चुनाव में पराजय का सामना करने वाले कांग्रेस गठबंधन के पास भी स्टैंडिंग कमेटी के 8 सदस्य है, जिससे मनपा में आने वाले दिनों में होने वाला स्टैंडिंग कमेटी का चुनाव बेहद रोचक मोड़ पर आ गया है।
यह भी पढ़ें – NMC Budget 2026: नागपुर मनपा का 5,840 करोड़ का बजट पेश, शहर को टॉप-3 में लाने का लक्ष्य, जानें खास बातें
भाजपा गठबंधन की ओर से स्टैंडिंग कमेटी सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल करते समय उबाठा की प्रत्याशी मनस्वी गिरहे के साथ महापौर संगीता खांडेकर, उपमहापौर प्रशांत दानव, राहुल पावड़े, सुभाष कासंगोटटूवार, नंदू नागरकर, संदीप गिरहे प्रमुखता से उपस्थित थे। वहीं कांग्रेस गठबंधन की तरफ से अपना नामांकन दाखिल करने वाले वसंता देशमुख के साथ मनपा में कांग्रेस गटनेता राजेश अडूर, सचिन कत्याल, चंदा वैरागड़े, विनोद लभाने, आकाश मानकर, करुणा चालखुरे, सोफिया तवंगर, वनश्री मेश्राम आदि उपस्थित थे।
16 मार्च को होगा चुनाव
चंद्रपुर मनपा के स्टैंडिंग कमेटी सभापति पद के लिए चुनाव हेतु सोमवार 16 मार्च को एक विशेष सभा का आयोजन किया गया है। सभा के प्रारंभ में नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। जिन उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए जाएंगे उन्हें अपना नॉमिनेशन वापस लेने के लिए 15 मिनट का समय दिया जाएगा। चुनाव मैदान में अगर एक से ज्यादा प्रत्याशी रहे तो मतदान प्रक्रिया ली जाएगी। और उसके बाद रिजल्ट घोषित किया जाएगा। मनपा प्रशासन ने बताया है कि सभी सदस्य इस विशेष सभा में मौजूद रहेंगे और चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे।
