भाजपा शहर अध्यक्ष बना कांग्रेस का उम्मीदवार, नामांकन के आखिरी दिन भद्रावती में हो गया बड़ा उलटफेर
Bhadravati Municipal Council Elections: भद्रावती में नामांकन के अंतिम दिन बड़ा उलटफेर, भाजपा नेता सुनील नमोजवार कांग्रेस में शामिल। अब कांग्रेस, भाजपा और शिवसेना के बीच हाेगा त्रिकोणी मुकाबला।
- Written By: आकाश मसने
भद्रावती नगर परिषद (सोर्स: सोशल मीडिया)
Triangle Fight In Bhadravati Nagar Parishad: नगर पालिका चुनाव के लिए नामांकन भरने के अंतिम दिन चंद्रपुर के भद्रावती की राजनीति में ऐसा उलटफेर हुआ, जिसकी कल्पना शहर की जनता ने भी नहीं की थी। भारतीय जनता पार्टी के शहर अध्यक्ष और पूर्व नगराध्यक्ष सुनील नमोजवार ने अचानक पार्टी से अपना इस्तीफा देकर कांग्रेस का दामन थाम लिया।
कांग्रेस ने भी बिना समय गंवाए उन्हें नगराध्यक्ष पद का अधिकृत उम्मीदवार घोषित कर दिया। इस निर्णय से शहर के चुनावी माहौल में पहले से मौजूद सियासी गर्मी अब चरम पर पहुंच गई है।
भाजपा ने आखिरी समय में उतारा उम्मीदवार
दूसरी ओर भाजपा ने अब तक आंतरिक खींचतान के बीच अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित नहीं किया था। भाजपा में सुनील नमोजवार और पूर्व नगराध्यक्ष अनिल धनोरकर के बीच टिकट को लेकर जबरदस्त रस्साकसी जारी थी। अंततः नमोजवार के कांग्रेस में शामिल होते ही समीकरण पूरी तरह बदल गए। अब अनिल धानोरकर ही भाजपा की ओर से अधिकृत उम्मीदवार बनकर चुनावी मैदान में उतर चुके हैं।
सम्बंधित ख़बरें
Anna Hazare RTI Protest: मुंबई में हजारे-सूचना आयुक्त की बातचीत फेल, अन्ना अनशन को लेकर अटल
ठाणे: बॉटल नेक फ्लाईओवर पर फिर छिड़ा सियासी संग्राम, नरेंद्र मेहता ने मंत्री सरनाईक को कहा- डबल रोल नहीं चलेगा
जब बैल की पीठ पर सवार होकर तहसील कार्यालय पहुंचा किसान! अनोखे विरोध का यह VIDEO देख चौंक गए नेटिजेन्स
नागपुर प्रेस कॉन्फ्रेंस: कुणाल चौधरी का भाजपा पर हमला-10 साल में देश का सामाजिक-आर्थिक मॉडल किया पूरी तरह नष्ट
शिवसेना (शिंदे गट) ने भद्रावती नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष प्रफुल्ल चटकी को उम्मीदवार बनाकर मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। वहीं आम आदमी पार्टी ने विशाल शिंदे को नगराध्यक्ष पद हेतु मैदान में उतारा है।
रोचक होगा मुकाबला
इस उलटफेर के बाद अब चुनाव में मुख्य मुकाबला तीन दिग्गजों कांग्रेस के सुनील नामोजवार, भाजपा के अनिल धानोरकर और शिवसेना के प्रफुल्ल चटकी के बीच होगा। तीनों ही नाम शहर की राजनीति में प्रभावी माने जाते हैं और पूर्व में नगराध्यक्ष या उपाध्यक्ष पद पर रह चुके हैं। इस कारण मतदाता भी बारिकी से प्रत्येक उम्मीदवार के रूख, कार्यकाल और भविष्य की योजनाओं को परख रहे हैं।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शहर में चर्चा अब इस सवाल पर अटक गई है कि भद्रावती नगर पालिका की बागडोर किसके हाथ में जाएगी। कांग्रेस को सुनील नामोजवार के रूप में नया चेहरा और उत्साह मिला है।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र में बड़ा उलटफेर, शिंदे ने शरद पवार से मिलाया हाथ! भाजपा-अजित पवार से होगा मुकाबला
भाजपा ने अनुभवी और कई वर्षों तक भद्रावती के नगर अध्यक्ष पद पर रह चुके अनिल धानोरकर पर दांव लगाया है। वहीं शिवसेना (शिंदे गट) ने कई वर्षों तक भद्रावती नगर पालिका के उपाध्यक्ष पद पर विराजमान प्रफुल्ल चटकी के अनुभव व संगठनात्मक पकड़ पर भरोसा जता रही है।
अब चुनावी प्रचार, जनसंपर्क और रणनीति तय करेंगे कि शहर की जनता किस नेतृत्व को आगामी पांच वर्षों के लिए नगराध्यक्ष की कुर्सी सौंपती है। भद्रावती में इस त्रिकोणी मुकाबले ने राजनीतिक माहौल को पूरी तरह रोमांचक बना दिया है और आने वाले दिनों में सियासत का तापमान और भी बढ़ने वाला है।
