Brahmpuri protest (सोर्सः सोशल मीडिया)
Bramhapuri Protest: चंद्रपुर जिले का विभाजन कर ब्रह्मपुरी को स्वतंत्र जिला घोषित करने की मांग को लेकर ‘ब्रह्मपुरी जिला निर्माण संघर्ष समिति’ की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को शासकीय विश्रामगृह में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हरिचंद्र चोले ने की। इस दौरान भाकपा के विनोद झोडगे और प्रशांत डांगे मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में ब्रह्मपुरी जिले की मांग को लेकर व्यापक जनआंदोलन खड़ा करने पर विस्तार से चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इसके तहत लोकतांत्रिक जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को 1 लाख पत्र भेजने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव लिए जाएंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों का भी समर्थन प्राप्त हो सके। इसके लिए गट विकास अधिकारी को ज्ञापन दिया जाएगा। नगर परिषद की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है। समर्थन में आधिकारिक प्रस्ताव पारित कराने के लिए नगराध्यक्ष और मुख्याधिकारी से मुलाकात की जाएगी।
मांग को मजबूत आधार देने के लिए नए तहसीलों के गठन का प्रस्ताव भी अहम माना गया। वर्तमान ब्रह्मपुरी, नागभीड़ और सिंदेवाही तहसीलों का विभाजन कर मेंडकी, मुडझा, तलोधी (बालापुर), नवरगांव आदि नए तहसील बनाने के लिए शासन स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
इस आंदोलन को व्यापक जनआंदोलन का रूप देने के लिए समन्वय और जनसंपर्क अभियान को प्राथमिकता दी जाएगी। नागभीड़, सिंदेवाही, सावली, तलोधी, मेंडकी, हलदा, नवरगांव सहित आसपास के क्षेत्रों में जनसमर्थन जुटाया जाएगा।
ये भी पढ़े: मेरे ऑफिस पर भी रेड करो…CM फडणवीस ने जांच एजेंसियों को दी खुली छूट! अजित विमान हादसे पर कही बड़ी बात
बैठक में शंकर उराडे, कोडापे, प्रा. सुयोग बालबुद्धे, मनोज भूपाल, भगवान कन्नाके, सुवर्णा देशमुख, ढोमणे, झलके, डॉ. बालकृष्ण शेलके, विहार मेश्राम और अमोल मोटघरे सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार व्यक्त किए। सभा का प्रस्ताविक, संचालन एवं आभार प्रदर्शन सलाहकार एवं कोषाध्यक्ष भागवत ने किया।
आगामी 27 फरवरी को दोपहर 1 बजे उपविभागीय अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस अवसर पर सभी जिला प्रेमी नागरिकों से बड़ी संख्या में तहसील कार्यालय में उपस्थित रहने का आह्वान किया गया है। जिले के लिए अब आर-पार की लड़ाई का शंखनाद इस माध्यम से किया जा रहा है।