

Tumsar Tiger Attack: भंडारा जिले के तुमसर तहसील के साहली क्षेत्र में गुरुवार, 9 जुलाई को दोपहर करीब 3 बजे एक बाघ ने किसान की आंखों के सामने उसके बैल पर हमला कर उसे मार डाला। इस घटना के बाद क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों में भय का माहौल व्याप्त है। जानकारी के अनुसार, किसान सुक्रम सहारे प्रतिदिन की तरह अपने पालतू पशुओं को गांव से लगे जंगल में चराने ले गए थे।
दोपहर के समय जब बैल जंगल में चर रहा था, तभी घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक उस पर हमला कर दिया। किसान ने शोर मचाकर बाघ को भगाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही क्षणों में बाघ ने बैल का शिकार कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
इस घटना के बाद जंगल से सटे गांवों के लोगों में दहशत फैल गई है। किसान और पशुपालक अपने पशुओं को चराने तथा खेतों में जाने से डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से घटनास्थल का तत्काल पंचनामा कर पीड़ित किसान को नियमानुसार मुआवजा देने तथा क्षेत्र में बाघ की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने की मांग की है।
साथ ही नागरिकों और पशुधन की सुरक्षा के लिए प्रभावी उपाय किए जाने की भी मांग उठाई है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल एवं जंगल से लगे क्षेत्रों में जाते समय पूरी सतर्कता बरतें, अकेले जंगल में न जाएं तथा बाघ या अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।