Bhandara News: लाखनी तहसील के पेंढरी से किटाडी मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य शुरु है. यहां पिछले छह महीनों से जगहजगह खुदाई कर छोड़ दी गई है. इससे इस मार्ग से आनेजाने वाले नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और मानसिक तनाव भी बढ़ गया है. क्षेत्र के सैकड़ों जागरूक नागरिकों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से तत्काल ध्यान देकर सड़क निर्माण कार्य तेजी से पूरा कराने की मांग की है.
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 5 दिसंबर 2024 को विधायक नाना पटोले के हाथों पेंढरी से किटाड़ी सड़क के सीमेंट कांक्रीट निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया था. करीब एक वर्ष बाद यह काम त्रिमूर्ति इंटरैक्शन, तिरोडा को ठेके पर दिया गया.
लेकिन मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना से जुड़े जिला प्रशासन और अभियंताओं की लापरवाही के कारण पिछले छह महीनों से इस सड़क पर बेहद धीमी गति से काम शुरू है. निर्माण के दौरान सड़क पर कई स्थानों पर खुदाई कर दी गई है, जिससे इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
वाहन चालक हो रहे दुर्घटना के शिकार खासकर साइकिल और दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाओं में भी बढ़ोतरी होने की बात कही जा रही है. नागरिकों की ओर से जब ठेकेदार से इस संबंध में पूछताछ की गई, तो बताया गया है कि उनकी ओर से मनमाने जवाब दिए गए.
इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी पेंढरी से किटाडी सड़क की समस्याओं के नाम पर शासन का लाखों रुपये का खर्च किया जा चुका है. अब बन रही सड़क की गुणवत्ता को लेकर भी नागरिकों के बीच गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
क्षेत्र के सैकड़ों जागरूक नागरिकों ने मांग की है कि संबंधित वरिष्ठ अधिकारी तुरंत हस्तक्षेप करें, सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाएं, लोगों की परेशानी कम करें और निर्माण कार्य में संभावित मनमानी पर रोक लगाएं.