Bhandara News: भंडारा जिले के पालांदुर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत पालेपेंढरी गांव में पुलिस ने गश्त के दौरान एक संदिग्ध कार से धारदार हथियार बरामद करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक चाकू और करीब 4 लाख रुपये कीमत की कार जब्त की है. जानकारी के अनुसार सोमवार, 9 मार्च को तड़के करीब 325 से 400 बजे के बीच पालांदुर पुलिस थाना की टीम सरकारी वाहन से पालेपेंढरी क्षेत्र में गश्त कर रही थी.
इसी दौरान गांव के मुख्य चौक पर सफेद रंग की महिंद्रा XUV 500 क्र. एमएच 12 एचटी 7171 संदिग्ध रूप से घूमती हुई दिखाई दी. पुलिस ने वाहन को रोककर पूछताछ की. कार में मौजूद तीनों युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर दो पंचों की उपस्थिति में वाहन और युवकों की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान उनके पास से 43 सेंटीमीटर लंबाई का एक बड़ा धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ.
पुलिस ने इस मामले में हुडपा, तहसील कुही, वर्तमान निवासी बेलाटी, तहसील लाखांदुर निवासी उमेश दादाराव कारमोरे 26, पोहरा, तहसील लाखनी निवासी राजेंद्र अनिल खेडीकर 27 और बेलाटी, तहसील लाखांदुर निवासी समीर संजू धोके 26 को गिरफ्तार किया है.
आरोपियों के कब्जे से 31 सेंटीमीटर पाते वाला लकड़ी की मूठ का चाकू और महिंद्रा XUV 500 कार सहित कुल 4 लाख 200 रुपये का माल जब्त किया गया है. इस मामले में पुलिस कांस्टेबल घनश्याम दिवाकर वनवे की शिकायत पर पालांदुर पुलिस थाना में भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 4 और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है. यह कार्रवाई थाना प्रभारी के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक गिरीधर पेंदोर और उनकी टीम ने की है. मामले की आगे की जांच जारी है.