Bhandara News: पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आयुध निर्माणी भंडारा के विद्यार्थियों ने एक अनूठी पहल के माध्यम से युद्ध नहीं का संदेश देते हुए शांति का आह्वान किया। छात्रों ने अपने स्कूल बैग की मदद से यह संदेश प्रस्तुत कर समाज को शांति और भाईचारे का महत्व समझाया।
इस अवसर पर प्राचार्य नीलम मेश्राम ने कहा कि, युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं होता, बल्कि यह विनाश का कारण बनता है। उन्होंने सभी से शांति के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक जे.एस. भाटिया ने विद्यार्थियों को समझाया कि दुनिया के किसी भी हिस्से में होने वाला युद्ध अप्रत्यक्ष रूप से हमारे जीवन को प्रभावित करता है। उन्होंने छात्रों से विश्व शांति के लिए प्रार्थना करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शिक्षक विशाल खोडे, दीपेंद्र एवं सुरिंदर ने युद्ध विरोधी अभियान का नेतृत्व किया। विद्यार्थियों ने पुस्तकों से भरे बैग के माध्यम से युद्ध नहीं का संदेश दिया, यह दर्शाते हुए कि ज्ञान ही हमें शांतिपूर्ण जीवन जीने की राह दिखाता है। कार्यक्रम के माध्यम से वसुधैव कुटुंबकम यानी विश्व एक परिवार है का संदेश भी प्रभावी रूप से दिया गया।