Lakhani Traffic Jam News: लाखनी शहर के सिंधी लाइन और शिवाजी चौक क्षेत्र में नेशनल हाईवे तथा सर्विस रोड पर वाहनों की मनमानी पार्किंग ने आम नागरिकों का जीना मुहाल कर दिया है।
फोर व्हीलर, टाटा मैजिक और भारी वाहनों के अवैध रूप से खड़े रहने के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। इस समस्या से नाराज स्थानीय नागरिकों ने पुलिस निरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
नागरिकों की ओर से सौंपे गए निवेदन के अनुसार, शिवाजी चौक के दक्षिण दिशा में लगाए गए बैरिकेड्स के बीच टाटा मैजिक और अन्य वाहन चालक सवारियां बैठाने और माल भरने के लिए घंटों तक खड़े रहते हैं। इस वजह से हाईवे से मुख्य गांव की ओर आनेजाने वाला रास्ता अवरुद्ध हो जाता है।
इसके अलावा, सर्विस रोड पर भी भारी वाहनों को बेतरतीब ढंग से पार्क कर दिया जाता है, जिससे पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह मार्ग आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है, जिस कारण यहाँ दिनभर वाहनों की भारी आवाजाही रहती है।
विशेष रूप से स्कूली बच्चों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक साबित हो रही है। सड़क पर खड़े बड़े वाहनों की वजह से हाईवे से आने वाले अन्य वाहन दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन छोटीबड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पूर्व में कई बार मौखिक शिकायतें की गईं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
आंदोलन की चेतावनी सामाजिक कार्यकर्ता वाल्मीकि लांजेवार, मोहन निर्वाण, संजय गोमासे और प्रमोद थोटे सहित अनेक नागरिकों ने मांग की है कि बैरिकेड्स के बीच पार्किंग को पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए।
साथ ही तहसील चौक, सिंधी लाइन चौक, सेलोटी रोड, जय स्तंभ चौक और पेट्रोल पंप चौक जैसे व्यस्ततम इलाकों को अतिक्रमण मुक्त रखकर यातायात के लिए सुगम बनाया जाए। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में लोकेश गायधनी, भूषण गिरेपुंजे, खिरोज गायधनी व अन्य शहरवासी प्रमुख रूप से शामिल थे।