Bhandara Fire Incident: ठाना क्षेत्र स्थित नागपुर महामार्ग पर पेट्रोल पंप के पास एक कुटीर उद्योग में 2 अप्रैल की मध्यरात्रि अचानक आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया.इस हादसे में अगरबत्ती निर्माण से जुड़ा पूरा सामान, कच्चा माल और मशीनरी जलकर राख हो गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठाना निवासी रंजीत विश्वनाथ मेश्राम ने कुटीर उद्योग समूह के माध्यम से कर्ज लेकर अगरबत्ती बनाने का व्यवसाय शुरू किया था.
इस छोटे उद्योग में चार महिला मजदूर भी कार्यरत थीं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध हो रहा था. लेकिन अचानक लगी इस आग ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया. घटना की जानकारी तब सामने आई जब 2 अप्रैल की सुबह टहलने निकले कुछ लोगों ने उद्योग परिसर से धुआं निकलते देखा.
उन्होंने तुरंत रंजीत मेश्राम और आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी. मौके पर पहुंचकर जब शटर खोला गया, तब तक अंदर रखा पूरा सामान जल चुका था और आग तेजी से फैल चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही भंडारा से अग्निशमन दल को बुलाया गया.
दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक अगरबत्ती, कच्चा माल और मशीनरी पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी. आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट की संभावना जताई जा रही है.
राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों को नुकसान होने से बचा लिया गया. इस घटना से रंजीत मेश्राम को आर्थिक रूप से बड़ा झटका लगा है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित को आर्थिक सहायता देने की मांग की है, ताकि वह दोबारा अपना व्यवसाय शुरू कर सके.