भंडारा के बासोरा गांव में ग्रामसभा के दौरान ग्राम विकास अधिकारी के साथ मारपीट, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

Bhandara Crime News: भंडारा के बासोरा गांव में स्थगित ग्रामसभा के दौरान घरकुल योजना के विवाद में ग्राम विकास अधिकारी सुखदेव धांडे के साथ मारपीट की गई। कारधा पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
A Gram Vikas Adhikari was assaulted during a Gram Sabha meeting over a housing scheme dispute in Basora village, Bhandara. Kardha police registered a case.
अधिकारी के साथ मारपीट (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Bhandara Kardha Police Station: कारधा पुलिस थाना क्षेत्र के बासोरा गांव में ग्रामसभा के दौरान ग्राम विकास अधिकारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और मारपीट करने का मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, खमारी (बुटी) निवासी ग्राम सेवक एवं ग्राम विकास अधिकारी सुखदेव रामाजी धांडे (53) ग्राम पंचायत बासोरा में स्थगित ग्रामसभा की बैठक ले रहे थे। दोपहर करीब 12.30 बजे गांव का निवासी राहुल बबन वाडीभस्मे (40) ग्रामसभा स्थल पर पहुंचा और धांडे से विवाद करने लगा।

राहुल वाडीभस्मे ने आरोप लगाया कि उसकी मां के नाम स्वीकृत घरकुल सरकारी आवास योजना का लाभ बिना कारण रद्द कर दिया गया है। इस पर ग्राम विकास अधिकारी सुखदेव धांडे ने उसे समझाने का प्रयास करते हुए बताया कि उन्होंने स्वयं किसी का लाभ रद्द नहीं किया है। ग्रामसभा के प्रस्ताव के अनुसार संबंधित दस्तावेज और प्रस्ताव की प्रति पंचायत समिति भंडारा को भेजी गई थी। घरकुल योजना की आगे की प्रक्रिया और अंतिम निर्णय के संबंध में उन्हें सटीक जानकारी नहीं है।

धांडे ने आरोपी को यह भी आश्वासन दिया कि वे इस विषय में खंड विकास अधिकारी से चर्चा कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करेंगे और आगे की स्थिति से अवगत कराएंगे। बावजूद इसके राहुल का गुस्सा शांत नहीं हुआ। आरोप है कि उसने ग्राम विकास अधिकारी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सुखदेव धांडे की कॉलर पकड़ ली तथा लात-घूंसों से उनके गाल और छाती पर हमला कर दिया। इस हमले में धांडे घायल हो गए। ग्रामसभा के दौरान हुई इस घटना से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद मामले की सूचना कारधा पुलिस को दी गई।

शिकायत के आधार पर कारधा पुलिस ने आरोपी राहुल बबन वाडीभस्मे के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। वहीं ग्रामसभा जैसे शासकीय कार्यक्रम में हुई इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

Navbharat Live
navbharatlive.com