

Akola District Jail Health system: अकोला जिला कारागृह वर्ग-1 में दो विचाराधीन कैदियों की उपचार - के दरम्यान मौत होने की चौंकाने वाली घटनाएं सामने आई हैं। लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं से कारागृह प्रशासन और पुलिस विभाग में खलबली मच गई है। मृत्यू के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं है और अब शव विच्छेदन रिपोर्ट पर ही सच्चाई निर्भर है। पुलिस ने दोनों मामलों में अकस्मात मौत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, तेल्हारा तहसील के बेलखेड निवासी दीपक चतरकर (42) को एक हत्या प्रकरण में 22 मई को न्यायालयीन कस्टडी सुनाई गई थी। उन्हें अकोला जिला कारागृह में रखा गया था। इस बीच 25 मई की रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सर्वोपचार अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया।
लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके अगले ही दिन बुलढाना जिले के जिगाव निवासी प्रल्हाद रायपुरे की भी उपचार के दरम्यान मौत हो गई। 29 जनवरी को बुलढाना सत्र न्यायालय ने न्यायालयीन कस्टडी सुनाई थी। 26 मई की रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया, अस्पताल प्रशासन ने दोनों मौतों की जानकारी पुलिस को दी।
दोनों मामलों में आकस्मिक मौत दर्ज की गई है। शव विच्छेदन रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा और उसी आधार पर आगे की जांच की जाएगी। - संजय गवई, पुलिस निरीक्षक, सिटी कोतवाली, अकोला