भंडारा: मुख्य पाइपलाइन लीकेज से शहर का बड़ा हिस्सा रहा प्यासा, नई जलापूर्ति योजना की गुणवत्ता पर उठे सवाल
Bhandara Water Crisis: भंडारा के खामतालाब चौक पर मुख्य जलवाहिनी लीकेज होने से शनिवार को शहर के कई इलाकों में जलापूर्ति ठप रही। भीषण गर्मी में नागरिकों को भारी किल्लत का सामना करना पड़ा
Bhandara Water Supply News: भंडारा शहर के खामतालाब चौक परिसर में मुख्य जलवाहिनी के अचानक लीकेज हो जाने के कारण शनिवार, 25 अप्रैल को शहर के एक बड़े हिस्से में जलापूर्ति पूरी तरह ठप रही। पाइपलाइन की मरम्मत का काम तत्काल शुरू किए जाने की वजह से नप प्रशासन ने कई इलाकों की जलापूर्ति रोक दी, जिससे चिलचिलाती गर्मी के बीच नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। जेल के समीप स्थित पानी की टंकी से होने वाला वितरण अस्थायी रूप से बंद किया गया।
इसके चलते बजरंग चौक, एमएसईबी कॉलोनी, महात्मा फुले वार्ड, तात्या टोपे वार्ड, माकड़े मोहल्ला, निर्वाण गली, महात्मा गांधी चौक परिसर, विदर्भ हाउसिंग कॉलोनी और मुस्लिम लाइब्रेरी क्षेत्र सहित आसपास के सघन इलाकों में पानी नहीं पहुंचा।
हालांकि, प्रशासन ने पूर्व में अपील की थी कि नागरिक पानी का संग्रह कर लें, लेकिन अचानक आई इस तकनीकी खराबी ने मध्यमवर्गीय परिवारों की दिनचर्या को प्रभावित किया। इस लीकेज ने शहर की नई जलापूर्ति योजना की विश्वसनीयता पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
सम्बंधित ख़बरें
‘पैर में नहीं थे जूते और हवा थी विपरीत’, केतन अग्रवाल के पिता के अहम सुरागों से खुली कातिल मंगेतर सिया की पोल!
होर्मुज संकट टला, भारत को बड़ी राहत! नागपुर की कंपनी के जहाज 22,000 मीट्रिक टन रसोई गैस लेकर वतन रवाना
लग्जरी कार में सरप्राइज, कैफे में डांस… सिया से बेइंतहा मोहब्बत करता था केतन, Video देख हो जाएंगे इमोशनल
मुंबई-ठाणे सफर आसान: 17,036 करोड़ के भायंदर-घोड़बंदर मेगा कॉरिडोर को मंजूरी, टनल-क्रीक ब्रिज बनेंगे
स्थानीय नागरिकों और जानकारों का कहना है कि जो योजना अभी पूरी तरह से पूर्ण भी नहीं हुई है, वह अभी से दम तोड़ती नजर आ रही है। यदि निर्माण के शुरुआती दौर में ही पाइपलाइन लीकेज जैसी समस्याएं आम हो गई हैं, तो आने वाले 25-30 वर्षों तक शहर की बढ़ती आबादी को इस योजना के भरोसे निर्बाध पानी कैसे मिलेगा यह भविष्य की एक डरावनी तस्वीर पेश करता है।
लीकेज से पानी हो रहा था बर्बाद प्रशासन का तर्क है कि पाइपलाइन लीकेज के कारण पानी की बर्बादी हो रही थी और कई क्षेत्रों में जल का दबाव प्रेशर कम मिल रहा था, जिसे सुधारने के लिए यह मरम्मत अनिवार्य थी। काम पूरा होने के बाद आपूर्ति बहाल करने का दावा किया गया।
मरम्मत के दौरान खामतालाब चौक पर आवाजाही भी प्रभावित रही, लेकिन शहरवासियों के मन में अब भी यही सवाल है कि क्या उन्हें भविष्य में गुणवत्तापूर्ण और सुचारू जलापूर्ति मिल पाएगी या पाइपलाइन सुधार के नाम पर बार-बार प्यासा रहना पड़ेगा।
मरम्मत का काम तेजी से पूरा किया पाइपलाइन में लीकेज की मरम्मत के चलते शहर के नागरिकों को थोड़ी परेशानी अवश्य होगी, लेकिन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यह कार्य बेहद जरूरी है। मरम्मत का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है और 26 अप्रैल को शहर की जलापूर्ति पूरी तरह से पूर्ववत हो जाएगी।
रणजीत बिसेन, अभियंता, जलापूर्ति विभाग, नप भंडारा
