बावनथडी नदी से रेत चोरी करते 3 ट्रैक्टर जब्त, 24.18 लाख का रुपये का माल बरामद; 3 आरोपी गिरफ्तार
Bhandara Illegal Sand Mining: भंडारा जिले में बावनथडी नदी और नीमगांव क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर जब्त किए और लाखों रुपये का माल बरामद किया।
- Written By: आंचल लोखंडे
Bavanthadi river mining (सोर्सः सोशल मीडिया)
Bavanthadi River Mining: गोबरवाही पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत पाथरी गांव के पास बावनथडी नदी से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन कर रहे तीन ट्रैक्टरों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। इस छापेमारी में रेत सहित तीनों वाहनों को जब्त कर कुल 24 लाख 18 हजार रुपये का माल बरामद किया गया है। पुलिस ने इस मामले में पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान फरहेज मोहम्मद हुसैन शेख (32), हरीश जगदीश बावने (29) और यशवंत शेषराव खुने (32) के रूप में हुई है। ये तीनों आरोपी मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की कटंगी तहसील के बोनकट्टा गांव के निवासी हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी अंतरराज्यीय सीमा का फायदा उठाकर महाराष्ट्र की सीमा से रेत की चोरी कर रहे थे। 20 फरवरी को दोपहर करीब 1 बजे पुलिस हवलदार मंगेश पेंदाम गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें गोपनीय सूचना मिली कि पाथरी के निकट स्थित बावनथडी नदी में बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन चल रहा है।
गोबरवाही पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पंचों के साथ मौके पर छापा मारा। वहां तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेत भरते हुए लोग मिले। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो स्वराज कंपनी के ट्रैक्टर (एमपी 18 जेडएफ 1108 और एमपी 50 जेडडी 5014) तथा एक महिंद्रा युवोटेक ट्रैक्टर (एमपी 50 जेडएच 4917) को ट्रॉली सहित जब्त कर लिया।
सम्बंधित ख़बरें
लाखनी तहसील में वीबी जी राम जी की जोरदार प्रगति, 221 कार्यों पर 19 हजार मजदूर कार्यरत
भंडारा में सौर कृषि पंप योजना को मिली रफ्तार, 3,832 किसानों के खेतों में लगे सोलर पंप
पवनी बस स्टैंड पर यात्री शेड और पेयजल सुविधा उपलब्ध कराएं, नागरिकों ने आगार प्रबंधक को सौंपा ज्ञापन
Bhandra: लाखांदुर में गुरुदेव बाल सुसंस्कार शिविर का समापन, नाना पटोले ने दिए संस्कारों के संदेश
तीनों ट्रॉलियों में कुल 3 ब्रास रेत भरी हुई थी, जिसकी कीमत 18 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि जब्त वाहनों की कुल कीमत 24 लाख रुपये बताई गई है। जब वाहन चालकों से रेत परिवहन का लाइसेंस या रॉयल्टी रसीद मांगी गई, तो वे कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ गोबरवाही पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया।
अवैध रेत तस्करी में ट्रैक्टर जब्त, 5.06 लाख का माल बरामद
दुसरी एक ओर घटना में भंडारा जिले में बढ़ते अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पालांदुर पुलिस ने नीमगांव क्षेत्र में कार्रवाई की है। पुलिस उपनिरीक्षक गिरिधर पेंदोर अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान नीमगांव के पास स्वराज कंपनी का नीला ट्रैक्टर (एमएच 36 एल 5804) आता दिखाई दिया। पुलिस ने चालक कृष्णकुमार उर्फ बंटी भीमराव काटेखाये (23) को रोककर रेत परिवहन का लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने कबूल किया कि उसने भुगांव स्थित चुलबंद नदी पात्र से रेत चोरी की है। पुलिस ने 3.50 लाख रुपये का ट्रैक्टर, 1.50 लाख रुपये की ट्रॉली और 6 हजार रुपये की रेत सहित कुल 5.06 लाख रुपये का माल जब्त किया है।
