भंडारा में प्रशासन का बड़ा छापा: अवैध रूप से भंडारित 37 गैस सिलेंडर जब्त
जिला आपूर्ति विभाग ने भंडारा में 37 अवैध गैस सिलेंडर जब्त किए। कार्रवाई से कालाबाजारी करने वालों में हड़कंप मच गया है।
Bhandara Illegal Stock News: भंडारा जिला आपूर्ति विभाग ने गुरुवार, 12 मार्च को एक विशेष अभियान चलाते हुए भंडारा में अवैध रूप से भंडारित 37 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी, जिससे जिले में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वाले सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है।
प्रशासन ने शहर के मुख्य चौक और ग्रामीण इलाकों में एक साथ कार्रवाई की, जिससे इस अवैध कारोबार का पर्दाफाश हुआ। पहली कार्रवाई भंडारा शहर के व्यस्ततम राजीव गांधी चौक क्षेत्र में की गई, जहां हिमांशु पान पैलेस के बगल में एक साइकिल रिपेयरिंग दुकान के भीतर अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडर छिपाकर रखे गए थे।
जांच के दौरान एचपीसीएल कंपनी के 4 घरेलू गैस सिलेंडर दुकान मालिक नरेश श्रावण माकडे के पास पाए गए। इस स्टॉक के संबंध में मालिक के पास कोई आधिकारिक रसीद या लाइसेंस उपलब्ध नहीं था, जिसके बाद प्रशासनिक टीम ने चारों सिलेंडर जब्त कर लिए।
सम्बंधित ख़बरें
12 घंटे बिजली की मांग पर किसानों का महावितरण कार्यालय घेराव, 1 अगस्त को रास्ता रोको की चेतावनी
सिक्किम टनल हादसा: मृतकों की संख्या बढ़कर 20 हुई, मीथेन गैस विस्फोट और दम घुटने से गई जान
भंडारा के जुनोना की सड़क बदहाल, राष्ट्रवादी विद्यार्थी कांग्रेस ने मरम्मत की मांग की
भंडारा में सार्वजनिक स्थान पर नशीले पदार्थ का सेवन करते युवक गिरफ्तार, NDPS के तहत कार्रवाई
दूसरी और बड़ी कार्रवाई धारगाव स्थित एक सीएससी केंद्र पर की गई। जिला आपूर्ति अधिकारी नरेश वंजारी के नेतृत्व में जब इस केंद्र की जांच की गई, तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था। संदेश विलास रामटेके और मंगेश विलास रामटेके एक ही स्थान से दो अलग-अलग केंद्र संचालित कर रहे थे।
तलाशी के दौरान वहां कुल 33 गैस सिलेंडर बरामद हुए, जिनमें एचपीसीएल कंपनी के 14 और इंडेन कंपनी के 19 सिलेंडर शामिल थे। आधिकारिक सीमा से अधिक स्टॉक और बिना किसी परमिट के रखे गए इन सभी सिलेंडरों को प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया है।
इस पूरी कार्रवाई में जिला आपूर्ति अधिकारी नरेश वंजारी, उपजिलाधिकारी निकिता कोरे, सुहास भेंडे और अन्य निरीक्षण अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
