Bhandara Ganeshpur News: भंडारा के गणेशपुर में सार्वजनिक कुएं के पास हुए अतिक्रमण को हटाने की मांग को लेकर दिनेश चिंतामण भुरे द्वारा शुरू किया गया आमरण अनशन आखिरकार प्रशासनिक आश्वासन के बाद समाप्त हो गया।
सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष शुरू हुए इस अनशन को पंचायत समिति सभापति कल्पना कुर्जेकर के हाथों जूस ग्रहण कर भुरे ने वापस लिया।
गणेशपुर के गट क्रमांक 122 में प्राचीन काल से स्थित सार्वजनिक कुएं के आसपास की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा होने से ग्रामीणों को पानी भरने और आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा और ग्रामीणों की सुविधा के लिए अतिक्रमण हटाना आवश्यक बताया जा रहा था।
गौरतलब है कि इस मामले को लेकर 20 फरवरी 2025 से ग्राम पंचायत और संबंधित विभागों को लगातार शिकायतें दी जा रही थीं, लेकिन प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा था। अंततः केवल आश्वासन मिलने पर दिनेश भुरे ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने आमरण अनशन शुरू किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खंड विकास अधिकारी प्रमोद हुमने ने गणेशपुर के सरपंच और ग्राम विकास अधिकारी को लिखित निर्देश जारी किए हैं। पत्र में महाराष्ट्र ग्राम पंचायत अधिनियम 1958 की धारा 53 के तहत कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए गए हैं।
प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई के आश्वासन और लिखित निर्देश मिलने के बाद भुरे ने अपना आंदोलन वापस लेने का निर्णय लिया।