Gondia Farmers News: सालेकसा तहसील में कृषि उत्पन्न बाजार समिति (कृउबास) की स्थापना की मांग को लेकर किसानों और नागरिकों ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कार्याध्यक्ष व सांसद प्रफुल पटेल को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि सालेकसा तहसील में कई वर्षों से कृउबास की स्थापना लंबित है, जिसे जल्द से जल्द पूरा किया जाना चाहिए। इसके शुरू होने से किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और शिक्षित बेरोजगारों को सीधा लाभ मिलेगा। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सकेगा, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
इस दौरान राकांपा तहसील अध्यक्ष डॉ. अजय उमाटे, शहर अध्यक्ष ब्रजभूषण बैस, जिला महासचिव डॉ. हीरालाल साठवने और किसान आघाड़ी के किसन रहांगडाले सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। सांसद पटेल ने इस मांग पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए संबंधित विभाग से चर्चा करने की बात कही।