बीड: बिजली के तार चोरी की कोशिश में गिरा हाई वोल्टेज टॉवर, दो की मौत, साथियों ने रचा ‘हादसे’ का ड्रामा
Beed Electric Tower Accident: बीड में बिजली तार चोरी के दौरान टॉवर गिरने से दो युवकों की मौत। साथियों ने सड़क हादसे का नाटक कर शवों को परभणी में छोड़ा। पुलिस जांच जारी।
- Written By: अनिल सिंह
Beed Electric Tower Accident प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स AI)
Kej Taluka Wire Theft: महाराष्ट्र के बीड जिले के केज तालुका में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ हाई वोल्टेज बिजली के तार चुराने की कोशिश दो युवकों के लिए काल बन गई। शनिवार रात हुई इस घटना में तार काटते समय बिजली का विशालकाय टॉवर ही जमीन पर आ गिरा, जिससे दो चोरों की मौके पर ही दबकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान अविनाश पाटोले और आकाश आडे के रूप में हुई है।
इस घटना ने तब और भी गंभीर मोड़ ले लिया जब पुलिस से बचने के लिए उनके साथियों ने इस पूरी मौत को एक ‘सड़क हादसे’ का रूप देने की कोशिश की।
चोरी की योजना और टॉवर गिरने की वह रात
पुलिस जांच के अनुसार, पुणे से पाँच लोगों का एक गिरोह केज तालुका के नांदूर घाट शिवर में बिजली के कीमती तार चुराने पहुँचा था। रात के अंधेरे में जब ये युवक टॉवर पर चढ़कर तार काट रहे थे, तभी अचानक टॉवर का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे जमीन पर गिर गया। भारी लोहे के नीचे दबने से दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बाकी साथी घबरा गए।
सम्बंधित ख़बरें
नासिक में गहराया जलसंकट: बांधों में सिर्फ 26% पानी, मानसून की धीमी रफ्तार से खरीफ सीजन पर संकट
गोकुल गिते समर्थन देंगे या मैदान में ही बने रहेंगे? नासिक विधान परिषद चुनाव में राजनीतिक संशय बरकरार
Traffic Rules तोड़ने वाले 1,149 वाहन चालकों पर कार्रवाई, एक दिन में वसूला गया 13।84 लाख रुपये का जुर्माना
छत्रपति संभाजीनगरः पारिवारिक विवाद में बेटे ने की पिता की हत्या, वारदात के बाद आरोपी फरार
ये भी पढ़ें- संजय राउत का बड़ा हमला: ईरान का जहरीला धुआं भारत में मचाएगा तबाही, मोदी सरकार की चुप्पी खतरनाक
परभणी तक शव लेकर भागे साथी, रचा एक्सीडेंट का नाटक
गिरफ्तारी के डर से बाकी तीन साथियों (आकाश पेठे, दीपक भगत और वैभव आदत) ने एक शातिर योजना बनाई। उन्होंने दोनों शवों को कार में डाला और परभणी की ओर निकल पड़े। उनका इरादा इस मौत को एक सड़क दुर्घटना दिखाने का था। परभणी पहुँचने के बाद वे शवों को गाड़ी में ही छोड़कर फरार हो गए। हालांकि, ड्राइवर की सूचना और रिश्तेदारों के संदेह के बाद जब पुलिस ने कड़ियां जोड़ीं, तो ‘सड़क हादसे’ के पीछे का यह खौफनाक सच सामने आया।
पुलिस की कार्रवाई और फरार आरोपियों की तलाश
परभणी और केज पुलिस ने संयुक्त रूप से घटनास्थल का पंचनामा किया है। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर इतना बड़ा टॉवर गिरा कैसे और क्या यह गिरोह पहले भी ऐसी चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। फिलहाल तीनों फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इस घटना ने बीड और परभणी जिलों में हड़कंप मचा दिया है।
