बीड के संगीत विद्यालय में मारपीट और शोरगुल, 2 आरोपियों का 11 छात्रों व स्कूल प्रमुख के पिता पर हमला
Attack: बीड जिले के परली वैजनाथ कस्बे में परीक्षा संबंधी किसी मुद्दे को लेकर संगीत विद्यालय में घुसकर दो लोगों ने कथित रूप से बेल्ट और लाठियों से 11 विद्यार्थियों एवं एक अन्य व्यक्ति को पीटा।
- Written By: आंचल लोखंडे
बीड के संगीत विद्यालय में मारपीट और शोरगुल (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Beed Crime: महाराष्ट्र में बीड जिले के परली वैजनाथ कस्बे में परीक्षा संबंधी किसी मुद्दे को लेकर संगीत विद्यालय में घुसकर दो लोगों ने कथित रूप से बेल्ट और लाठियों से 11 विद्यार्थियों एवं एक अन्य व्यक्ति को पीटा जिससे वे घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उसने बताया कि यह घटना शुक्रवार अपराह्न करीब 11.45 बजे शहर के सिद्धेश्वरनगर इलाके में स्थित श्री नर्मदेश्वर गुरुकुल में हुई और सभी 12 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों की पहचान दिनेश रावसाहब माने और बालू बाबूराव एकिलवाले के रूप में की गयी है और उनके विरूद्ध संभाजीनगर थाने में मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी का कहना है कि जब विद्यार्थी स्कूल जा रहे थे, तो दोनों आरोपी उनके पास आए और परीक्षा से जुड़े किसी मुद्दे पर उन्हें धमकाया, जिससे उनका झगड़ा हो गया। बाद में, दोनों आरोपी स्कूल में घुस गए और तोड़फोड़ की। उन्होंने 11 विद्यार्थियों पर बेल्ट और डंडों से हमला किया।
घायल विद्यार्थियों का अस्पताल में इलाज जारी
अधिकारी के अनुसार घायल विद्यार्थियों को अस्पताल पहुंचाये जाने के बाद, हमलावर वापस लौटे और स्कूल के प्रमुख के पिता बालासाहेब शिंदे पर हमला कर दिया। इस हमले में शिंदे को गंभीर चोटें आईं और बाद में उन्हें अंबेजोगाई के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुकुल पिछले तीन वर्षों से अर्जुन महाराज शिंदे द्वारा संचालित किया जा रहा है। वर्तमान में कुल 42 विद्यार्थी भजन, कीर्तन और मृदंगम जैसी विभिन्न संगीत विधाओं की शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं,साथ ही एक अन्य स्कूल में अपनी नियमित पढ़ाई भी कर रहे हैं।
सम्बंधित ख़बरें
ठाकरे सेना को एक और तगड़ा झटका? हिंगोली के सांसद नागेश पाटिल आष्टीकर पहुंचे शिंदे के ‘नंदनवन’ आवास
NCP को लगेगा अब तक का सबसे बड़ा झटका? भाजपा में शामिल होंगे 40 लोग, कांग्रेस के बयान से मचा हड़कंप
खामगांव में जल संकट की आशंका, प्रशासन अलर्ट, नागरिकों से पानी बचाने की अपील
नाफेड की चना खरीद अवधि बढ़ाई जाए, सांसद काले ने पालकमंत्री बावनकुले से की मांग
ये भी पढ़े:
संभाजीनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज
निरीक्षक धनंजय ढोणे ने बताया कि संभाजीनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गुरुकुल के प्रमुख अर्जुन महाराज शिंदे ने हमलावरों के साथ किसी भी व्यक्तिगत विवाद से इनकार किया। उन्होंने कहा, ‘‘हम तीन साल से गुरुकुल चला रहे हैं और हमलावरों के साथ हमारी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। इसके बावजूद, वे स्कूल में घुस आए तथा विद्यार्थियों और मेरे पिता पर हमला कर दिया।”
(एजेंसी इनपुट के साथ)
