Sambhajinagar: बारिश में टपकते कमरे, स्कूल ढहने की कगार पर, बच्चे पेड़ के नीचे पढ़ने को मजबूर

Sambhajinagar येसगांव की जिप स्कूल जर्जर हालत में है। कमरे ढहने की स्थिति में होने से छात्र पेड़ के नीचे पढ़ने को मजबूर। ग्राम पंचायत व अभिभावकों के दबाव पर शिक्षा विभाग ने चार नए कमरों की मंजूरी दी।
Yesgaon students study
( सोर्स:सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 

Sambhajinagar Yesgaon News In Hindi: वालूज के निकट येसगांव में जिला परिषद स्कूल बदहाली के आंसू रो रहा है। ऐसे में जर्जर शाला की दीवारें कभी ढहेंगी यह बिल्कुल कहा नहीं जा सकता। नतीजतन, छात्र पेड़ के नीचे बैठकर ककहरा सिखने मजबूर हैं और उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही है।

स्कूल की खस्ताहाल स्थिति को देखकर येसगांव की ग्राम पंचायत, शालेय समिति, अभिभावकों व नागरिकों ने शिक्षणाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर रास्ता रोको आंदोलन करने की चेतावनी देने के बाद शिक्षण विभाग ने संज्ञान लेकर चार कमरे बनाने स्वीकृति दी है।

येसगांव की जिप प्राथमिक शाला में पहली से आठवीं तक कक्षाएं संचालित की जाती हैं व छात्रों की संख्या भी संतोषजनक है। विद्यार्थियों का कहना है कि 6 में 2 कमरे बारिश में टपकते हैं। दो कमरों का निर्माण 1972 में हुआ है और वह जीर्ण-शीर्ण हो गई है।विद्यार्थियों का कहना है कि 6 में से 4 कक्षाएं करीब 15 वर्षों से बंद होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई पर व्यापक असर हो रहा है।

15 वर्षों से लगातार किए जा रहे थे प्रयास

येसगांव स्थित जिला परिषद स्कूल के लिए 4 नए कमरे बनाने के लिए येसगांव ग्राम पंचायत, शालेय समिति, अभिभावक व ग्रामीण गत 15 वर्षों से प्रयासरत हैं। इस बाबत समय-समय पर मौखिक व लिखित ज्ञापन सौंपे गए। बावजूद इसके प्रशासन के कान पर जूं नहीं रेंगी व नए कमरों को स्वीकृति नहीं मिली। इसे देखते हुए ग्राम पंचायत पदाधिकारी, शालेय समिति, अभिभावक व ग्रामीणों ने 1 दिसंबर को विधायक, सांसद विभागीय आयुक्त, जिलाधिकारी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, शिक्षणाधिकारी, निर्माण कार्य विभाग, खंड विकास अधिकारी, गुट शिक्षण अधिकारी, गंगापुर के तहसीलदार, वालूज थाने के पुलिस निरीक्षक आदि को पत्र सौंपकर चेताया था कि कमरे नहीं बनाने पर 8 दिसंबर को छत्रपति संभाजीनगर से अहिल्या नगर-पुणे राजमार्ग पर स्थित लिंबे जलगांव के पास रास्ता रोको आंदोलन किया जाएगा।

शिक्षण विभाग ने लिया संज्ञान

विद्यार्थियों, अभिभावकों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों के आक्रामक तेवर को देखते हुए शिक्षणाधिकारी जयश्री चव्हाण व गंगापुर पंचायत समिति के खंड शिक्षण अधिकारी अरविंद कापसे ने मांग पूरी करने के साथ ही निधि भी उपलब्ध कराई है।

5 दिसंबर को पत्र देकर येसगांव में 4 स्कूली कमरे बनाने का वादा कर रास्ता रोको आंदोलन नहीं करने की विनती की गई है। इसके चलते रास्ता रोको आंदोलन स्थगित करने की जानकारी येसगांव की सरपंच लक्ष्मीबाई जाधव व पूर्व सरपंच जगन्नाथ भराड़ पाटील येसगांवकर ने दी।