प्रतीकात्मक इमेज (एआई जनरेटेड)
Chhatrapati Sambhajinagar BLO News: छत्रपति संभाजीनगर राज्य में जल्द ही मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू होने वाली है, इसके लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी दिलीप स्वामी, उपजिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र कटके ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को इसकी विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर जिला आपूर्ति अधिकारी प्रवीण फुलारी भी मौजूद थे। स्वामी ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने अभी तक एसआईआर की तारीख घोषित नहीं की गई है, लेकिन इसके लिए आवश्यक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिले में कुल 3,264 मतदान केंद्र हैं व प्रत्येक के लिए एक बीएलओ की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा हर 10 बीएलओ पर एक पर्यवेक्षक भी तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि बीएलओ की तर्ज पर राजनीतिक दल भी एजेंट नियुक्त कर सकेंगे, जो इस प्रक्रिया में सहयोग करेंगे। त्रुटियों को सुधारने के लिए प्रत्येक मतदाता के लिए एक यूनिक कोड के साथ फॉर्म तैयार किया जाएगा, बीएलओ घर घर जाकर ये फॉर्म दो प्रतियों में वितरित करेंगे।
छत्रपति संभाजीनगर मतदाताओं को इसमें आवश्यक जानकारी भरनी होगी, जिसके बाद बीएलओ उसको ऑनलाइन प्रणाली में अपलोड करेंगे। इसके बाद वर्ष 2002 में किए गए पुनरीक्षण के आंकड़ों के साथ इसका मैपिंग किया जाएगा। यदि जानकारी सही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी इसे मंजूरी देंगे, इसके बाद प्रारूप सूची प्रकाशित की जाएगी। यदि किसी को आपत्ति हो तो वह अपील कर सकेगा व सुनवाई के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
यह भी पढ़ें:- छत्रपति संभाजीनगर में अवैध गैस गोदामों पर छापा, शाहनूरवाड़ी-वालूज से 400 सिलेंडर जब्त
राज्य में वर्ष 2002 में आखिरी बार इस तरह का विशेष पुनरीक्षण किया गया था, उस समय मतदाता सूची में डुप्लीकेट, स्थानांतरित, मृत व्यक्तियों व गैर-नागरिकों के नाम शामिल होने के आरोप लगे थे। इसे दूर करने के लिए अब फिर से यह प्रक्रिया शुरू की जा रही है, संभावना है कि अप्रैल से यह अभियान शुरू हो सकता है।