टोल प्लाजा पर जाल, 19 किमी पीछा, समृद्धि महामार्ग पर अवैध विदेशी शराब तस्कर गिरफ्तार
Sambhajinagar Excise Department: समृद्धि महामार्ग पर 19 किमी पीछा कर आबकारी विभाग ने अवैध विदेशी शराब तस्करों को पकड़ा। 45 बॉक्स शराब समेत 7.52 लाख का माल जब्त।
- Written By: अंकिता पटेल
प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Sambhajinagar Illegal Liquor: छत्रपति संभाजीनगर राज्य आबकारी शुल्क विभाग ने हाल ही में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। राज्य में बिक्री के लिए प्रतिबंधित विदेशी शराब की अवैध बिक्री करने वाले दो सदस्यों का 19 किलोमीटर पीछा करने के बाद दबोच लिया गया।
समृद्धि महामार्ग पर वैजापुर तहसील के हड़सपिंपलगांव टोल प्लाजा क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान आरोपियों से 45 बॉक्स विदेशी शराब, चार पहिया वाहन व मोबाइल संग 7 लाख, 52,850 रुपए की सामग्री जब्त कर ली।
हत्थे चढ़े आरोपियों में अनिल मोतीलाल जायसवाल (49, अंबिका नगर, मलकापुर, जिला अकोला) व शेख अलीम शेख मेहमूद (40, नूरानी मस्जिद परिसर, बार्शी टाकली, जिला अकोला) हैं, जो अवैध शराब बेचने में सक्रिय हैं।
सम्बंधित ख़बरें
नासिक में प्याज किसानों का महाआक्रोश! मुंबई-आगरा हाईवे जाम, रोहित पवार सहित कई बड़े नेता पुलिस हिरासत में
रायगढ़ में सबसे ज्यादा वोटर, कोंकण एमएलसी सीट पर भाजपा-एनसीपी के बीच बढ़ी सियासी हलचल
जनगणना ड्यूटी में आनाकानी की तो खैर नहीं; नागपुर मनपा आयुक्त का आदेश- सीधे दर्ज करें FIR
छत्रपति संभाजीनगर में आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश; एयरपोर्ट का शेड उड़ा, पेड़ गिरने से लगा लंबा जाम
राज्य आबकारी शुल्क विभाग को 12 फरवरी को सूचना मिली थी कि दादरा नगर हवेली, दीव दमन में निर्मित व राज्य में बिक्री के लिए प्रतिबंधित विदेशी शराब समृद्धि महामार्ग से अकोला जिले में पहुंचाई जा रही है। तदुपरांत दस्ते ने वैजापुर तहसील के हड़सपिंपलगांव टोल प्लाजा के पास जाल बिछाया गया।
इशारा करने के बाद भी नहीं रोका वाहन
संदिग्ध कार (एमएच-37-जी-4040) टोल प्लाजा क्षेत्र में आने के बाद दस्ते ने चालक को रुकने का इशारा किया। वाहन रोकने के बजाए वाहनचालक ने गति बढ़ा दी।
हालांकि, आबकारी शुल्क विभाग के दस्ते के सामने दाल नहीं गली व महामार्ग पर 19 किमी तक पीछा करने के बाद वाहन रोककर दोनों आरोपियों को दबोचा गया। वाहन की तलाशी लेने पर दादरा नगर हवेली, दीव व दमन में निर्मित 45 बॉक्स विदेशी मदिरा होने का खुलासा हुआ।
जांच दल में ये पुलिस अधिकारी रहे शामिल
यह मदिरा महाराष्ट्र का राजस्व डुबाकर अवैध रूप से लाई गई थी। आरोपियों के कब्जे से 4 मोबाइल, कार संग 7 लाख, 52, 850 रुपए की सामग्री जब्त की गई है। जांच राज्य आबकारी शुल्क विभाग के निरीक्षक अजय बगाटे कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:-संभाजीनगर में नदी सीमांकन अभियान तेज, खाम-सुखना नदियों की बाढ़ रेखा तय होगी; अतिक्रमण पर लगेगी लगाम
यह कार्रवाई राज्य आबकारी शुल्क के आयुक्त डॉ. राजेश देशमुख, सह आयुक्त प्रसाद सुर्वे, विभागीय उपायुक्त संगीता दरेकर, अधीक्षक अभिनव बालुरे, उपाधीक्षक गुणाजी क्षीरसागर के मार्गदर्शन में निरीक्षक अजय बगाटे, दोयम निरीक्षक चीआर नवले, जीएन उंडे, एसआर नजन, सहायक दोयम निरीक्षक गणेश नागवे, आनंद शेंदरकर, जवान योगेश घुनावत, विजय पवार, दीपक मुले, बाबासाहेब करपे व किसन सुंदडें आदि ने की।
