छत्रपति संभाजीनगर में आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश; एयरपोर्ट का शेड उड़ा, पेड़ गिरने से लगा लंबा जाम
Sambhajinagar Weather Update: छत्रपति संभाजीनगर में तेज आंधी और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन एयरपोर्ट का शेड उड़ने, पेड़ गिरने और कई इलाकों में जलभराव से यातायात ठप हो गया।
- Written By: रूपम सिंह
तेज आंधी और बारिश (सोर्स - सोशल मीडिया)
Chhatrapati Sambhajinagar Traffic Jam: छत्रपति संभाजीनगर भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे शहर व जिलावासियों को सोमवार शाम अचानक बदले मौसम ने राहत दी। तेज आंधी, धूल भरी हवाओं, बिजली की कड़कड़ाहट और जोरदार बारिश के साथ मौसम ने करवट ली। हालांकि राहत के साथ यह बारिश कई जगहों पर परेशानी भी लेकर आई।
तेज हवाओं के कारण शहर के अलग-अलग हिस्सों में पेड़ धराशायी हो गए, जबकि एयरपोर्ट परिसर में लगा टीन शेड उड़ जाने की घटना भी सामने आई। गनीमत रही कि उस समय वहां कोई विमान मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बारिश और तेज हवाओं का असर शहर के कई इलाकों में देखने को मिला। उल्कानगरी क्षेत्र में महावितरण की डीपी में आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। डीपी के आसपास गिरे पेड़ों को हटाकर स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। वहीं तेज बारिश के कारण कई क्षेत्रों में करीब आधे घंटे तक सड़कों पर पानी भर गया और निचले इलाके जलमग्न हो गए। अचानक आई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन यातायात व्यवस्था चरमरा गई।
सम्बंधित ख़बरें
कहीं भारी बारिश का कहर तो कहीं लू का टॉर्चर! अगले 24 घंटे में मौसम बदलेगा करवट, देखें IMD का ताजा अपडेट
संभाजीनगर: डॉन बाबा फरजान के बंगले पर 21 घंटे की रेड, हथियारों का जखीरा बरामद, नोट गिनने मंगानी पड़ी मशीनें
सड़कें या स्विमिंग पूल? संभाजीनगर में वीआईपी मार्ग पर गड्ढों की गहराई नाप रहे हैं बेबस वाहन चालक!
बारिश, आंधी और बिजली… अगले 6 दिन कैसा रहेगा पूरे देश का मौसम, जानिए IMD की भविष्यवाणी
गारखेड़ा क्षेत्र के पहाड़े कॉर्नर तथा झांबड़ स्टेट स्थित रेणुका माता मंदिर की कमान के पास तेज हवाओं के कारण बड़े पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर पड़े। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। नगर निगम और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर पेड़ों को हटाया और रास्ता साफ कराया।
इधर कायगांव-देवगाव मार्ग पर अधूरे सड़क निर्माण कार्य के कारण हालात और बिगड़ गए। बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ और पानी भरने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब तीन घंटे तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे लोगों को घंटों फंसे रहना पड़ा। कार्यालयों से लौट रहे नागरिकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें:- छत्रपति संभाजीनगर: बॉटनिकल उद्यान के नाले में बह रहा दूषित पानी, मनपा की दोहरी नीति पर भड़के लोग
मौसम विभाग के अनुसार शहर और आसपास के क्षेत्रों में 2 से 4.8 मिमी तक वर्षा दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों ने 28 मई से 4 जून के बीच संभाजीनगर सहित मराठवाड़ा क्षेत्र में प्री-मानसून बारिश की संभावना जताई है। हालांकि अगले दो दिनों तक उमस और गर्मी फिर से बढ़ने के संकेत भी दिए गए हैं।
बारिश के दौरान कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ी। प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।
