मराठवाड़ा में मोंथा चक्रवात का असर जारी, अगले 5 दिन तक भारी बारिश की चेतावनी

Marathwada Rain: मराठवाड़ा में नवंबर में भी बारिश जारी है। कपास व मक्का फसल को भारी नुकसान हुआ है। मोंथा चक्रवात के असर से अगले पांच दिन तक बारिश की संभावना।
Marathwada Weather Update
मराठवाड़ा में बाढ़ (फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Marathwada Weather Update: नवंबर का माह शुरू होने के बावजूद मराठवाड़ा में बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 6 महीनों में मराठवाड़ा के 8 जिलों में औसत से कहीं अधिक बारिश दर्ज की गई है। यही नहीं, कई बार बादल फटने की स्थितियां बनीं। दो दिन पहले ही क्षेत्र के 40 सर्कल में झमाझम बारिश के बाद 31 अक्टूबर को भी 11 सर्कल में अत्यधिक मेघ बरसे। लगातार वर्षा का व्यापक असर खेती व फसलों पर पड़ा है।

भारतीय मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक क्षेत्र के सभी 8 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इसके चलते पहले ही भारी व बेमौसम बारिश से परेशान किसानों की चिंता और बढ़ गई है। इस वर्ष जून से लेकर अक्टूबर तक लगातार बारिश होती रही। मौसम में अप्रत्याशित परिवर्तन के चलते मानसून से पहले मई महीना भी पूरी तरह भीगा हुआ रहा। अब नवंबर में भी बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही।

कपास को भारी नुकसान

31 अक्टूबर तक हुई वर्षा से कई फसलों को बर्बाद कर दिया है। कटाई के लिए तैयार मक्का फसल अंकुरित हो गई है। यही नहीं। कपास की कैरियां सड़ने लगी हैं। बाजार में इन खराब फसलों को बहुत कम दाम मिलने की आशंका के चलते किसान गहरी चिंता में डूब गए हैं।

मोंथा चक्रवात का असर

मौसम विभाग ने बताया कि मराठवाड़ा संग राज्य के कई जिलों में मूसलाधार वर्षा का खतरा अब भी बना हुआ है। हालांकि, 'मोंथा' चक्रवात का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है, परंतु इसके कारण कम दबाव का क्षेत्र फिर से सक्रिय हो गया है। नतीजतन, देश के कई हिस्सों में भारी से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इसे लेकर मौसम विभाग ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

औसत से 39% अधिक बारिश

30 अक्टूबर तक मराठवाड़ा क्षेत्र में कुल 1041.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो औसत 748.5 मिमी से 39.2 प्रतिशत अधिक है। इस हिसाब से औसत की तुलना में 139.2 मिमी वर्षा ज्यादा हुई है। प्रशासन की ओर से पंचनामे व मुआवजे की प्रक्रिया जारी है। हालांकि, किसान अब भी मदद की प्रतीक्षा में है। अब नवंबर में भी इंद्रदेव की प्रसन्नता से किसानों की मुसीबत और बढ़ गई है।

जिले में आज येलो अलर्ट घोषित

मौसम विभाग ने जिले में 2 नवंबर को येलो अलर्ट घोषित किया है। विभाग ने चेताया कि जिले के कुछ क्षेत्रों में वज्रपात, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे से तेज हवाएं व हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। यही नहीं, 3 से 4 नवंबर 2025 के बीच भी हल्की वर्षा की भी संभावना जताई गई है।

इस परिप्रेक्ष्य में जिला प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने का आग्रह किया है। आपात स्थिति में नागरिक जिला नियंत्रण कक्ष (दूरभाषः 02482-223132), जिलाधिकारी कार्यालय, नजदीकी तहसील कार्यालय या पुलिस थाने से तुरंत संपर्क कर सकते हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com