टाउन हॉल में पुरावस्तु संग्रहालय के अस्थायी स्थानांतरण पर मंथन, महापौर की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक
Chhatrapati Sambhajinagar News: छत्रपति संभाजीनगर के टाउन हॉल में पुरावस्तु संग्रहालय के स्थानांतरण पर महापौर की अध्यक्षता में बैठक। मरम्मत और पार्किंग सुविधाओं पर बनी सहमति।
- Written By: गोरक्ष पोफली
छत्रपति संभाजीनगर मनपा की बैठक (सोर्स: नवभारत फोटो)
Sambhajinagar Town Hall Museum Shift: छत्रपति संभाजीनगर के टाउन हॉल स्थित राज्य पुरातत्व विभाग के स्वर्ण महल परिसर में संचालित पुरावस्तु संग्रहालय को कुछ समय के लिए टाउन हॉल भवन में अस्थायी रूप से स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर शुक्रवार को महापौर समीर राजूरकर की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में महानगरपालिका आयुक्त अमोल येडगे, शहर अभियंता संजय कोंबडे, राज्य पुरातत्व विभाग के अधिकारी तथा महानगरपालिका के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में संग्रहालय के अस्थायी स्थानांतरण, टाउन हॉल भवन की तैयारी तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि भवन में जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने, आवश्यक मरम्मत तथा अन्य प्राथमिक कार्य महानगरपालिका की ओर से तत्काल कराए जाएंगे, ताकि संग्रहालय को सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से स्थानांतरित किया जा सके।
टाउन हॉल के स्थायी उपयोग पर विचार
छत्रपति संभाजीनगर के मेयर समीर राजूरकर ने कहा कि यदि भविष्य में राज्य पुरातत्व विभाग संग्रहालय को पुनः अपने मूल परिसर में ले जाता है, तब भी टाउन हॉल का उपयोग स्थायी पुरावस्तु संग्रहालय के रूप में किया जा सकता है। इसके लिए भवन का सुनियोजित विकास किया जाना आवश्यक है।
सम्बंधित ख़बरें
DPC बैठक से सीधे घर पहुंचे और पड़ा ACB का छापा, 45 लाख रुपये की रिश्वत लेते वन अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार
मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन ने निर्मल पार्क में किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
ठाणे में 19 साल बाद भी नहीं मिला SRA का घर, भड़के विधायक संजय केलकर ने दिए अक्षम बिल्डर को हटाने के निर्देश
बीएमसी स्कूल के मिड-डे मील में मिला कांच का टुकड़ा, भड़कीं किशोरी पेडणेकर ने सीधे तुकाराम मुंढे को किया कॉल
पर्यटकों के लिए पार्किंग व्यवस्था के निर्देश
छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका आयुक्त अमोल येडगे ने संबंधित विभागों को प्राथमिक कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश देने की बात कही। उन्होंने कहा कि संग्रहालय में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए टाउन हॉल परिसर में पर्याप्त वाहन पार्किंग की व्यवस्था भी विकसित की जानी चाहिए।
बैठक में महानगरपालिका और राज्य पुरातत्व विभाग के बीच विभिन्न विषयों पर सकारात्मक सहमति बनी तथा निर्णयों के शीघ्र क्रियान्वयन का भरोसा व्यक्त किया गया।
यह भी पढ़ें: DPC बैठक से सीधे घर पहुंचे और पड़ा ACB का छापा, 45 लाख रुपये की रिश्वत लेते वन अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार
ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण और पर्यटन
उल्लेखनीय है कि छत्रपति संभाजीनगर का यह पुरावस्तु संग्रहालय शहर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक वैभव का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। संग्रहालय के टाउन हॉल में अस्थायी रूप से स्थानांतरित होने से न केवल दुर्लभ ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षण मिलेगा, बल्कि यहां आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को भी बेहतर अनुभव प्राप्त होगा। मनपा प्रशासन और पुरातत्व विभाग के इस संयुक्त प्रयास से शहर के पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट
