Sambhajinagar Railway Connectivity Issue( Source: Social Media )
Sambhajinagar Railway Connectivity Issue: छत्रपति संभाजीनगर दक्षिण मध्य रेलवे द्वारा हाल ही में 27 नई ट्रेनों को नियमित करने सहित कुल 29 नई रेल सेवाओं की घोषणा की गई है, लेकिन इस सूची में छत्रपति संभाजीनगर शहर को एक भी नई ट्रेन नहीं मिली है।
इससे शहरवासियों में नाराजगी देखी जा रही है।1 अप्रैल को जारी सूची में सिकंदराबाद, काचीगुडा, तिरुपती व विशाखापट्टणम जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
वहीं मराठवाड़ा क्षेत्र के नांदेड़ व जालना को आंशिक राहत मिली है, लेकिन पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण छत्रपति संभाजीनगर को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है।
शहरवासियों का कहना है कि औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण छत्रपती संभाजीनगर को रेलवे नेटवर्क में उचित स्थान मिलना चाहिए, शहर से बड़ी मात्रा में राजस्व मिलने के बावजूद दक्षिण मध्य रेलवे की ओर से भेदभावपूर्ण रवैया अपनाए जाने का आरोप लगाया जा रहा है।
इस मुद्दे पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों व जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी पर भी नागरिक सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर ठोस कार्रवाई जरूरी है।
छत्रपति संभाजीनगर में पिटलाइन का काम पूरा हुए करीब ढाई वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अब तक इसे शुरू नहीं किया गया है। रेलवे प्रशासन विभिन्न कारणों का हवाला देकर इसे टालता आ रहा है।
यह भी पढ़ें:-रेलवे में सख्ती: ऑपरेशन यात्री सुरक्षा में RPF-GRP की बड़ी कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार; चोरी की कोशिश नाकाम
विशेषज्ञों के अनुसार, जब तक पिटलाइन पूरी क्षमता से चालू नहीं होती, तब तक नई ट्रेन सेवाएं शुरू करना तकनीकी रूप से कठिन रहेगा। मराठवाड़ा रेल्वे कृती समिति के स्वानंद सोलके ने मांग की है कि पिटलाइन को जल्द शुरू कर नागपुर, बेंगलुरु, गोवा, केरल, अहमदाबाद, जोधपुर, उधमपुर, अयोध्या व गोरखपुर जैसे शहरों के लिए नई ट्रेन सेवाएं शुरू की जाएं।