

Sambhajinagar Operation Yatri Suraksha: छत्रपति संभाजीनगर दक्षिण मध्य रेलवे के नदिड़ मंडल में रेलवे सुरक्षा बल ने सरकारी रेलवे पुलिस के समन्वय से ऑपरेशन यात्री सुरक्षा व अमानत के तहत स्टेशन परिसरों में अपराधों पर अंकुश लगाने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
परभणी स्टेशन पर सीआइबी एवं नांदेड़ के एएसआई अमोल वावले ने जीआरपी के साथ संयुक्त जांच अभियान चलाया। इस दौरान प्लेटफार्म नंबर 3 के ओवरब्रिज के पास ट्रेन रुकने के समय चोरी की कोशिश कर रहे दो संदिग्धों को पकड़ा गया।
अरविंद नामक आरोपी को गाड़ी नंबर 17614 (पनवेल एक्सप्रेस) में चोरी का प्रयास करते हुए हिरासत में लिया गया। इसके बाद प्रेम नामक आरोपी को गाड़ी नंबर 17687 (मराठवाड़ा एक्सप्रेस) में चोरी करते हुए पकड़ा गया।
दोनों के खिलाफ धारा 122 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसी अभियान के तहत रात में प्लेटफॉर्म नंबर 1 के बुकिंग काउंटर के पास पॉकेटमारी की कोशिश कर रहे राहुल नामक आरोपी को भी पकड़ा गया।
उसके खिलाफ धारा 110 व 117 के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं, ऑपरेशन अमानत के अंतर्गत जांच टीम को प्लेटफार्म नंबर 1 पर स्थित रेलवे कैंटीन के पास 15 हजार रुपये मूल्य का मोबाइल मिला। घोषणा के माध्यम से मालिक की तलाश कर सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे गणेश को सौंप दिया गया।
इसके अलवा सुबह 4:50 बजे सीआइबी-डी व आई नादेड़, आरपीएफ छत्रपति संभाजीनगर व जीआरपी की संयुक्त टीम ने छत्रपति संभाजीनगर रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधि कर रहे आकाश नामक युवक को प्लेटफॉर्म नंबर 2 से हिरासत में लिया, वह गाड़ी नंबर 17057 (देवगिरी एक्सप्रेस) में चोरी के इरादे से घूम रहा था।
उसपर धारा 128 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन कार्रवाइयों से स्पष्ट हुआ है कि रेलवे परिसर में यात्रियों के लिए सुरक्षा बल लगातार सतर्क है व अपराधों की रोकने के लिए प्रभावी कदम उठा रहे हैं, यात्रियों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत रेलवे अधिकारियों को दे या सुरक्षा हेल्पलाइन 139 अथवा 182 पर संपर्क करें।