छत्रपति संभाजीनगर: अनिल मकरिये बने मनपा स्थायी समिति सभापति, MIM को दी मात; बोले- टैक्स नहीं तो विकास नहीं
Chhatrapati Sambhajinagar News: छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका चुनाव में भाजपा के अनिल मकरिये ने MIM के खान अब्दुल मतीन को 6 मतों से हराकर स्थायी समिति सभापति का पद जीत लिया।
- Written By: आकाश मसने
छत्रपति संभाजीनगर मनपा स्थायी समिति के सभापति अनिल मकरिये व अन्य (सोर्स: सोशल मीडिया)
Anil Makariye Standing Committee Chairman: छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका की स्थायी समिति के सभापति पद के लिए गुरुवार को हुई चुनाव प्रक्रिया में भारतीय जनता पार्टी के पार्षद अनिल मकरिये ने स्पष्ट बहुमत के साथ विजय हासिल की। उन्होंने एमआईएम के उम्मीदवार खान अब्दुल मतीन को 6 मतों के अंतर से पराजित किया। चुनाव में अनिल मकरिये को कुल 10 मत प्राप्त हुए, जबकि खान अब्दुल मतीन को 4 मतों से संतोष करना पड़ा। इस दौरान शिवसेना और वंचित बहुजन आघाड़ी के पार्षदों ने मतदान से दूरी बनाए रखते हुए तटस्थ रहने का निर्णय लिया।
गुरुवार सुबह 11 बजे छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका मुख्यालय में पीठासीन अधिकारी तथा जिलाधिकारी दिलीप स्वामी की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। सभापति पद के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर से अनिल मकरिये तथा उनके सामने एमआईएम के खान अब्दुल मतीन मैदान में थे।
संपत्तिकर वसूली पर विशेष ध्यान दिया जाएगा: अनिल
चुनाव के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए नवनिर्वाचित सभापति अनिल मकरिये ने कहा कि छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका क्षेत्र में संपत्ति कर वसूली पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन क्षेत्रों के नागरिक संपत्ति कर का भुगतान नहीं करेंगे, वहां विकास कार्यों को प्राथमिकता नहीं दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए कई योजनाएं लागू की जाएंगी। शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बहुस्तरीय पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी, मकरिये ने विश्वास व्यक्त किया कि शहर के विकास कार्यों के लिए केंद्र और राज्य सरकार से पर्याप्त निधि उपलब्ध होगी और विकास योजनाओं की गति दी जाएगी।
सम्बंधित ख़बरें
संगमनेर में अवैध रेत खनन पर एक्शन, प्रांतीय मजिस्ट्रेट ने पुलिस को लगाई फटकार
‘संजय राउत कर रहे हैं हिंदुओं की बदनामी’, मीरा रोड हमले पर दिए बयान के बाद भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बन का पलटवार
सलीम डोला का होगा मुंबई क्राइम ब्रांच से सामना; सांगली, मैसूर और तेलंगाना ड्रग्स फैक्ट्री कांड में होगी पूछताछ
RSS ने लिया मोहन सरकार के कामकाज का हिसाब, UCC समेत इन मुद्दों पर हुई चर्चा
15 मिनट में अपना नामांकन नहीं लिया वापस
नामांकन वापस लेने के लिए 15 मिनट का समय दिया गया। लेकिन निर्धारित अवधि में किसी भी उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया। इसके बाद मतदान की प्रक्रिया शुरू की गई। मतदान के दौरान भारतीय जनता पार्टी के 8 पार्षदों के साथ शिंदे गुट के 2 पार्षदों ने अनिल मकरिये के पक्ष में मतदान किया। जिससे उन्हें कुल 10 मत प्राप्त हुए। वहीं एमआईएम उम्मीदवार खान अब्दुल मतीन को 4 मत मिले। इस बीच शिवसेना और वंचित बहुजन आघाड़ी के दो पार्षदों ने मतदान में भाग नहीं लिया और तटस्थ बने रहे।
यह भी पढ़ें:- कुंभ 2027 की तैयारी: एलोरा के घृष्णेश्वर मंदिर परिसर में होंगे विकास कार्य, जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित सभापति अनिल मकरिये का महानगरपालिका प्रशासन की ओर से सम्मान किया गया। इस अवसर पर राज्य के अन्य पिछड़ा बहुजन कल्याण मंत्री अतुल सावे, महापौर समीर राजूरकर तथा भारतीय जनता पार्टी के शहर अध्यक्ष किशोर शितोले सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
