संभाजीनगर के मिटमिटा सफारी पार्क: 100 एकड़ में पशुओं के लिए तैयार हो रहा प्राकृतिक आवास, टेंडर प्रक्रिया शुरू
Sambhajinagar Safari Park: संभाजीनगर के मिटमिटा सफारी पार्क में 10-12 फुट ऊंचे 150 विकसित पेड़ लगाए जाएंगे, ताकि पशुओं को शुरुआत से ही प्राकृतिक छाया और अनुकूल वातावरण मिल सके।
- Written By: अंकिता पटेल
संभाजीनगर, मिटमिटा सफारी पार्क (सोर्स: नवभारत डिजाइन फोटो)
Mitmita Safari Park Development: छत्रपति संभाजीनगर मिटमिटा में विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक सफारी पार्क को प्राकृतिक वन जैसा वातावरण देने की दिशा में महानगरपालिका ने नई पहल शुरू की है। पार्क में छोटे पौधों के बजाय 10 से 12 फुट ऊंचे 150 विकसित पेड़ लगाए जाएंगे, ताकि पशुओं को शुरू से ही प्राकृतिक छाया और अनुकूल वातावरण मिल सके।
हैदराबाद मुक्ति संग्राम दिवस के अवसर पर इन पेड़ों का रोपण करने की तैयारी की जा रही है। महानगरपालिका आयुक्त अमोल येडगे ने इसकी जानकारी दी। मनपा स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत मिटमिटा में लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक सफारी पार्क विकसित कर रही है।
इस परियोजना के साथ सिद्धार्थ उद्यान स्थित चिड़ियाघर को भी यहां स्थानांतरित करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए आवश्यक प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रिया पूरी की जा रही हैं।
सम्बंधित ख़बरें
फ़ास्ट ट्रैक पर विरार-डहाणू चौपदरीकरण प्रोजेक्ट, नया स्टेशन और 8000 वर्गमीटर एलीवेटेड डेक तेजी से तैयार
590 रुपए की थाली और 38 रुपए की चाय! संभाजीनगर मनपा में VIP नाश्ते के रेट पर हंगामा, बैकफुट पर आया प्रशासन
मुंबई: दिव्यांग सीटों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान, मध्य रेलवे ने वसूला ₹10.10 लाख जुर्माना
होटलों का लाइसेंस सीधे सस्पेंड क्यों? कड़क FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने खुद बताया इसके पीछे का कानून और मंशा
सफारी पार्क में लगेंगे 150 बड़े पेड़
सफारी पार्क में व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया है, लेकिन इन पौधों को बड़े पेड़ बनने में कई वर्ष लगेंगे। ऐसे में चिड़ियाघर के पशुओं के स्थानांतरण के बाद उन्हें तत्काल प्राकृतिक छाया उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नर्सरी से सीधे 10 से 12 फुट ऊंचे विकसित पेड़ लगाने का निर्णय लिया गया है।
इससे पशुओं को नए वातावरण में आसानी से अनुकूल होने में मदद मिलेगी। महानगरपालिका ने 150 बड़े पेड़ों की खरीद के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। इनमें से 100 पेड़ पशुओं के बाड़ों और उनके प्राकृतिक आवास वाले क्षेत्रों में लगाए जाएंगे, जबकि शेष 50 पेड़ सफारी पार्क की आंतरिक सड़कों के दोनों ओर रोपे जाएंगे।
नवंबर-दिसंबर तक स्थानांतरण की उम्मीद
पार्क में आने वाले पर्यटकों को भी हरियाली और प्राकृतिक छाया का अनुभव मिलेगा। सिद्धार्थ उद्यान के चिड़ियाघर को मिटमिटा सफारी पार्क में स्थानांतरित करने के लिए केंद्रीय प्राणी उद्यान प्राधिकरण (सेंट्रल जू अथारिटी) को प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
प्राधिकरण से अनुमति मिलने के बाद स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। महानगरपालिका प्रशासन का अनुमान है कि यदि सभी प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताएं समय पर पूरी हो गई, तो नवंबर से दिसंबर के बीच सिद्धार्थ उद्यान के चिड़ियाघर को नए सफारी पार्क में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें:-590 रुपए की थाली और 38 रुपए की चाय! संभाजीनगर मनपा में VIP नाश्ते के रेट पर हंगामा, बैकफुट पर आया प्रशासन
इससे शहर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक नया पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण केंद्र मिलेगा, जहां पशुओं को अधिक प्राकृतिक वातावरण और पर्यटकों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराया जाएगा।
