

Chhatrapati Sambhajinagar Zoo Income: मराठवाड़ा का एकमात्र छत्रपति संभाजीगनर महानगरपालिका प्राणी संग्रहालय अब पर्यटकों का पसंदीदा ठिकाना बनता जा रहा है। लगातार बढ़ती भीड़ और उत्साहजनक प्रतिसाद के चलते प्राणी संग्रहालय के राजस्व में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है। चालू वित्तीय वर्ष में दिसंबर 2025 के अंत तक प्राणी संग्रहालय को कुल 2 करोड़ 4 लाख 77 हजार 330 रुपये की आय प्राप्त हुई है।
प्राणी संग्रहालय से प्रतिदिन औसतन करीब डेढ़ लाख रुपये की आय हो रही है, जबकि रविवार और छुट्टियों के दिनों में यह आंकड़ा दो से तीन लाख रुपये तक पहुंच जाता है। इसी अवधि में 3 लाख 62 हजार से अधिक वयस्कों और 1 लाख 17 हजार से ज्यादा बच्चों ने प्राणी संग्रहालय का भ्रमण किया है।
सिद्धार्थ उद्यान में सैर के बाद प्राणी संग्रहालय जाकर वन्य जीवों को देखने का रुझान पर्यटकों में तेजी से बढ़ा है। यहां शेर, बाघ, तेंदुआ, भालू, हिरण, काला हिरण, नीलगाय, सांभर, बंदर, शुतुरमुर्ग, लोमड़ी, भेड़िया और मगरमच्छ जैसे विभिन्न वन्य जीव पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। प्राणियों की गतिविधियों को मोबाइल में कैद करने के लिए विशेष भीड़ देखने को मिलती है।
पर्यटकों की सुविधा के लिए पीने के पानी, बैठने के लिए शेड, स्वच्छ शौचालय जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं। इन सुविधाओं के कारण परिवार सहित आने वाले पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। फोटोग्राफी के लिए कैमरा शुल्क लिया जाता है और चालू वर्ष में अब तक 533 बार कैमरा शुल्क वसूला जा चुका है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्राणी संग्रहालय को 3 करोड़ 14 लाख 31 हजार 430 रुपये की आय हुई थी। उस दौरान लगभग 7 लाख 60 हजार से अधिक पर्यटकों ने प्राणी संग्रहालय का दौरा किया था। दिसंबर 2024 और जनवरी 2025 सबसे अधिक भीड़ वाले महीने रहे थे।
गर्मी की छुट्टियां, त्योहारों का मौसम और पर्यटन सत्र को देखते हुए आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की संभावना प्रशासन ने जताई है। इसके चलते चालू वित्तीय वर्ष में भी आय का नया रिकॉर्ड बनने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।