Chhatrapati Sambhajinagar LPG Cylinder Demand ( Source: Social Media )
Chhatrapati Sambhajinagar LPG Cylinder Demand: छत्रपति संभाजीनगर जिले में घरेलू गैस आपूर्ति में आई कमी के कारण हालात धीरे धीरे गंभीर होते जा रहे हैं। गैस वितरकों का कहना है कि जिले की वास्तविक जरूरत के मुकाबले काफी कम गैस उपलब्ध हो रही है।
इस स्थिति के चलते आने वाले दिनों में गैस एजेंसियों पर भारी भीड़ उमड़ने की आशंका है। संभावित अव्यवस्था और कानून व्यवस्था की समस्या से बचने के लिए वितरकों ने प्रशासन से एजेंसियों पर पुलिस बंदोबस्त उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस मुद्दे को लेकर वितरकों ने पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार से भी चर्चा की गई है। वितरकों के अनुसार जिले में प्रतिदिन लगभग 20 हजार 350 घरेलू गैस सिलिंडरों की आवश्यकता होती है।
इसके लिए रोजाना करीब 290 टन गैस की जरूरत पड़ती है। लेकिन पिछले तीन दिनों से आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई है। विशेष रूप से 140 टन गैस लेकर आने वाले टैंकरों की संख्या में कमी देखी गई है।
इसका सीधा असर गैस वितरण पर पड़ रहा है। कई गैस एजेंसियों के बाहर पहले से ही ग्राहकों की लंबी कतारें लगने लगी हैं और स्थिति नियंत्रण से बाहर जाने की आशंका जताई जा रही है।
इसी पृष्ठभूमि पर शुक्रवार को विभागीय आयुक्त ने गैस वितरकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर स्थिति की विस्तृत समीक्षा की बैठक में जिलाधिकारी दिलीप स्वामी भी उपस्थित थे।
अधिकारियों ने आपूर्ति में आ रही अड़चनों और संभावित समाधान पर चर्चा की। वितरकों ने प्रशासन को स्पष्ट रूप से बताया कि यदि जल्द ही आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो जिले में गैस सिलिंडरों की भारी कमी उत्पन्न हो सकती है, दूसरी और होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों ने भी व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग जिलाधिकारी के समक्ष रखी, व्यवसायियों का कहना है कि गैस की कमी से उनके कामकाज पर भी असर पड़ रहा है।
हालांकि जिलाधिकारी ने उन्हें बताया कि इस संबंध में फिलहाल कोई स्पष्ट नीति निर्धारित नहीं की गई है और स्थिति के अनुसार आगे निर्णय लिया जाएगा, कुल मिलाकर गैस आपूर्ति में आई कमी ने प्रशासन और नागरिकों दोनों की चिंता बढ़ा दी है।
यदि समय रहते आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
बता दे कि जिले में घरेलू गैस आपूर्ति में आई कमी के पीछे अब अंतरराष्ट्रीय हालात भी जिम्मेदार माने जा रहे हैं।
इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर गैस और ईंधन आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित हुई है।
यह भी पढ़ें:-स्वच्छता अभियान को गति: कन्नड़ नगर परिषद ने अपनाई ICT तकनीक, कचरा संकलन पर होगी सख्त निगरानी
इसका असर अब स्थानीय स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। कुल मिलाकर अंतरराष्ट्रीय युद्ध के असर ने स्थानीय स्तर पर गैस संकट की स्थिति पैदा कर दी है।
यदि जल्द ही आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।