हिंगना में LPG सिलेंडर के लिए हाहाकार: बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रही डिलीवरी, फर्जी मैसेज से मचा बवाल

हिंगना में गैस सिलेंडर की कमी से नागरिकों में नाराजगी, कालाबाजारी की आशंका।
LPG gas cylinder shortage in Hingna
गैस एजेंसी के सामने उपभोक्ता (फाेटो नवभारत)
Published on
Updated on

LPG gas cylinder shortage in Hingna: नागपुर के हिंगना स्थित अग्रवाल गैस एजेंसी में पिछले कुछ दिनों से रसोई गैस (LPG) की भारी किल्लत देखी जा रही है। गैस सिलेंडरों की अनियमित आपूर्ति ने स्थानीय नागरिकों के सब्र का बांध तोड़ दिया है। आलम यह है कि लोग बुकिंग करने के बाद हफ्तों इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उनके चूल्हे ठंडे पड़े हैं।

उपभोक्ताओं के साथ 'डिजिटल धोखा'?

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कई ग्राहकों को सिलेंडर मिला ही नहीं, लेकिन उनके मोबाइल पर 'डिवरी सफल' होने के मैसेज आ रहे हैं। इस तकनीकी 'खेल' ने नागरिकों के मन में बड़े पैमाने पर कालाबाजारी की आशंका पैदा कर दी है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि उनके हिस्से का सिलेंडर ऊंचे दामों पर कहीं और बेचा जा रहा है, जबकि रिकॉर्ड में उन्हें डिलीवरी दिखा दी गई है।

घरेलू कामकाज ठप, बढ़ा आर्थिक बोझ

आम जनता का कहना है कि 4 से 5 दिनों तक सिलेंडर न मिलने के कारण उन्हें बाहर से खाना मंगाना पड़ रहा है या महंगे विकल्पों का सहारा लेना पड़ रहा है। एजेंसी प्रबंधन का तर्क है कि मांग बढ़ गई है और पीछे से आपूर्ति में बाधा है, लेकिन नागरिक इस स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं हैं।

नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने संभाला मोर्चा

जनता की नाराजगी को देखते हुए वानाडोंगरी नगर परिषद के नगरसेवक और राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरदचंद्र पवार गुट) के गटनेता अनुप डाखले, सामाजिक कार्यकर्ता रौनक खराबे और ग्राहक पंचायत के अध्यक्ष अरुण कैकाडे ने प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई है। उन्होंने मांग की है कि गैस आपूर्ति को तत्काल सुचारू किया जाए और धांधली करने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो।

प्रशासनिक जांच शुरू

मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसील आपूर्ति अधिकारी रागिनी गायकवाड़ ने स्वयं एजेंसी का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ितों की शिकायतें सुनीं और आश्वासन दिया कि आपूर्ति में आ रही बाधाओं को दूर किया जाएगा। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि बिना डिलीवरी के मैसेज कैसे जा रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com