

Chhatrapati Sambhajinagar ICT Waste Monitoring: छत्रपति संभाजीनगर कन्नड़ शहर में कचरा संकलन प्रक्रिया पर प्रभावी निगरानी रखने के लिए कन्नड़ नगर परिषद ने अब आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। आईसीटी आधारित कचरा संकलन मॉनिटरिंग प्रणाली लागू की गई है, जिससे शहर की स्वच्छता अभियान को नई गति मिलने की उम्मीद है।
नगराध्यक्ष फरीन बेगम अब्दुल जावेद ने पदभार संभालने के बाद स्वच्छता व जलापूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी है। इसी के तहत महाराष्ट्र सुवर्णजयंती नगरोत्थान योजना के अंतर्गत इस विशेष अभियान को शुरू किया गया है।
नगर परिषद संचालनालय व आईटीआई लिमिटेड के बीच हुए करार के अनुसार शहर की घरेलू एंव व्यावसायिक संपत्तियों का जियो टैगिंग कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस कार्य की प्रगति रिपोर्ट हाल ही में जिला प्रशासन को सौंपी गई है।
मुख्याधिकारी रवींद्र लांडे के मार्गदर्शन में स्वच्छता विभाग के कर्मचारी मैदान में उतरकर कार्य पूरा कर रहे हैं। शहर की कुल 8,468 संपत्तियों में से 28 फरवरी तक 4,594 संपत्तियों का जियो टैगिंग पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष 3,874 संपत्तियों का कार्य अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में 11 से अधिक कर्मचारी और घंटागाड़ियों के माध्यम से प्रत्येक कॉलोनी में कचरा प्रबंधन की निगरानी की जा रही है।
शहर से लगभग 5 किलोमीटर दूर स्थित डंपिंग ग्राउंड के वैज्ञानिक प्रबंधन पर भी प्रशासन का विशेष ध्यान है। जियो टैगिंग से कचरा संकलन व्यवस्था अधिक पारदर्शी और सुचारू होने की संभावना है।
इस अभियान में भाग्यश्री बेडगे, प्रशांत देशपांडे, नीलेश शिंदे, पवन परदेशी, वैशाली दाभाडे और वाल्मीक शिरसाट सहित कर्मचारियों की टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।