Maharashtra Weather: विदर्भ में शीतलहर से गिरा तापमान, कड़ाके की ठंड में होगा नए साल का आगाज
Maharashtra Weather Update: विदर्भ में शीतलहर के कारण नागपुर और गोंदिया सबसे ठंडे जिले रहे। 1 जनवरी 2026 से कड़ाके की ठंड का अनुमान। अस्पतालों में बढ़े सर्दी-खांसी के मरीज।
- Written By: प्रिया जैस
विदर्भ में ठंड (फाइल फोटो)
Vidarbha Weather Update: पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण इस समय पूरे विदर्भ सहित अमरावती जिले में ठंड का असर बढ़ गया है। समूचे विदर्भ में नागपुर एवं गोंदिया सबसे ठंडा शहर रहा। वहीं अमरावती शहर में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आज और कल भी इसी तरह की ठंडक बनी रहने की संभावना है।
हालांकि अरब सागर में बने चक्राकार हवाओं के प्रभाव के चलते उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है। इसके कारण अगले दो से तीन दिनों में ठंड धीरे-धीरे कम होने और दिन व रात का मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने का अनुमान है।
कड़ाके की ठंड में होगा नववर्ष का स्वागत
इस बीच हिमालय क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई गई है। इसके असर से उत्तर दिशा से फिर से ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे 1 जनवरी 2026 से ठंड का प्रकोप दोबारा बढ़ सकता है। शिवाजी मौसम केंद्र के मौसम विशेषज्ञ प्रो. अनिल एम. बंड के अनुसार 31 दिसंबर को मौसम साफ और आनंददायक रहेगा, जिससे नववर्ष के स्वागत के लिए बाहर निकलने वाले नागरिकों को कुछ राहत मिलेगी।
सम्बंधित ख़बरें
नांदेड़ कोचिंग सेंटर का अजीब कारनामा; नीट का रिजल्ट आने से पहले ही घोषित कर दिए छात्रा के 180 में से 180 अंक
नसरापुर दुष्कर्म-हत्या केस में 15 दिन में चार्जशीट, पुलिस ने पेश किए 1100 पन्नों के सबूत
पुणे के दगडूशेठ गणपति मंदिर को सरकार का बड़ा सम्मान, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
रायगढ़ बनेगा ‘तीसरी मुंबई’, 1 लाख करोड़ निवेश के बीच रेलवे सुविधाओं पर उठे सवाल
लेकिन नववर्ष का पहला दिन 1 जनवरी कड़ाके की ठंड के साथ शुरू होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों ने नागरिकों से ठंड को देखते हुए गरम कपड़ों का उपयोग करें और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की। वर्ष के अंतिम दिनों में ठंड में थोड़ी नरमी रहेगी, लेकिन नववर्ष के साथ ही ठंड का जोर फिर से बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
स्वास्थ्य पर असर
– सर्दी, खांसी, बुखार के मरीजों में वृद्धि
– बच्चों और बुजुर्गों पर ठंड का अधिक असर
– सरकारी और निजी अस्पतालों में भीड़
गर्म कपड़ों की मांग बढ़ी
जिले में लगातार ठंड बढ़ती जा रही है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। सोमवार न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिनभर चल रही ठंडी हवाओं और शीतलहर के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
विशेष रूप से ग्रामीण अंचलों में ठंड का असर अधिक देखने को मिल रहा है, जहां सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। बढ़ती ठंड का सीधा प्रभाव जनस्वास्थ्य पर पड़ रहा है। ठंड से बचाव के लिए नागरिक बड़ी संख्या में गर्म कपड़ों, स्वेटर, जैकेट और कंबलों का उपयोग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें – इस्तीफा-बगावत-हंगामा…हर जगह नौटंकी, नामांकन के आखिरी दिन दिखे सारे रंग, 14 जगहों पर महायुति टूटी
मरीजों की संख्या में वृद्धि
हालांकि, इसके बावजूद छोटे बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से अधिक परेशानी हो रही है। सर्दी, खांसी, बुखार और अन्य मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है, जिससे सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है।
चिकित्सकों ने नागरिकों को ठंड से बचने की सलाह दी है। उन्होंने गर्म कपड़े पहनने, ठंडे वातावरण से बचने, गर्म भोजन और पेय पदार्थों का सेवन करने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है, जिससे सतर्क रहने की आवश्यकता है।
विदर्भ के तापमान पर एक नजर
| जिला | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|
| बुलढाना | 13.2 |
| अकोला | 11.5 |
| चंद्रपुर | 11.0 |
| अमरावती | 10.0 |
| भंडारा | 10.0 |
| वर्धा | 10.0 |
| वाशिम | 10.2 |
| ब्रह्मपुरी | 10.4 |
| गड़चिरोली | 9.6 |
| गोंदिया | 8.6 |
| नागपुर | 8.6 |
| यवतमाल | 8.8 |
