Yavatmal Crime News: यवतमाल के एमआईडीसी क्षेत्र से चाकू की नोक पर एक ट्रक और उसमें लदी 250 क्विंटल तूअर लूटने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लुटेरों ने चोरी का यह खेतमाल दर्यापुर, कारंजा और मूर्तिजापुर जैसी कृषि उपज मंडियों में बेचने की जानकारी है।
पुलिस के अनुसार कुछ दिनों पहले बदमाशों ने एक ट्रक मालिक को डराधमकाकर ट्रक सहित 250 क्विंटल तूअर का अपहरण कर लिया था। इस डकैती के बाद यवतमाल के लोहारा पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
बाजार समितियों में खलबलीलोहारा पुलिस की जांच में यह खुलासा हुआ कि आरोपियों ने लूटी गई तूअर को अलगअलग शहरों की मंडियों में खपाया है। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि चोरी का कुछ माल दर्यापुर कृषि उपज बाजार समिति में टोले ट्रेडर्स के पास और कुछ माल मूर्तिजापुर व कारंजा की मंडियों में बेचा गया।
गुरुवार दोपहर जब लोहारा पुलिस की टीम जांच के लिए दर्यापुर बाजार समिति पहुंची, तो वहां व्यापारियों और किसानों के बीच हड़कंप मच गया। इस लूट के माल की कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है। लोहारा पुलिस ने अब तक दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच अभी जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम सामने आने की संभावना है।
इसी कारण अभी आरोपियों के नामों का खुलासा नहीं किया गया है। मंडी प्रशासन पर उठे सवाल इस घटना के बाद अब स्थानीय बाजार समितियों की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। चर्चा है कि क्या बाजार समितियां अब इस बात की जांच करेंगी कि इससे पहले भी चोरी का कितना माल इन मंडियों में बेचा जा चुका है फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने और किनकिन मंडियों में चोरी का माल सप्लाई किया है।