अमरावती मनपा के नए आयुक्त डॉ. मंगेश गोदावले ने संभाला पदभार, आय बढ़ाने और अतिक्रमण पर कार्रवाई का दावा

Amravati Municipal Corporation: अमरावती मनपा के नवनियुक्त आयुक्त डॉ. मंगेश गोदावले ने पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने मनपा की आय बढ़ाने, अतिक्रमण हटाने और स्कूलों के फायर ऑडिट कराने पर जोर दिया है।
Amravati MC Revenue Generation Plan
अमरावती महानगरपालिका (फाईल फोटो- सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Amravati MC Revenue Generation Plan: अमरावती महानगरपालिका के नवनियुक्त आयुक्त डॉ. मंगेश गोदावले ने रविवार दोपहर अपना पदभार संभाला। इस समय पूर्व आयुक्त वर्धा लद्ढा व अन्य अधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इसके पश्चात मीडिया कर्मियों के साथ आयुक्त ने चर्चा की। इस समय उन्होंने विभिन्न विषयों पर बातचीत कर मनपा में होने वाले विभिन्न आय के स्रोतों पर कार्य कर आय बढ़ाने के बारे में जानकारी दी।

आयुक्त गोदावले ने मनपा के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक लेकर समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने पत्र परिषद में बताया कि वे मूलतः सतारा जिले के हैं। उन्होंने विदर्भ सहित मराठवाड़ा में विभिन्न विभागों के पदों पर कार्यरत रहते हुए विभाग की ग्रोथ बढ़ाने का प्रयास किया है। साथ ही, अमरावती के लिए उन्होंने कहा कि यहां सभी विभागों की नब्ज टटोलने के बाद अब वे फील्ड पर उतरकर काम करना ही बेहतर समझते हैं। उन्होंने कहा कि ग्राउंड स्तर पर जाकर वे सफाई व कोणार्क द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेंगे। उन्होंने घनकचरा व्यवस्थापन को महत्वपूर्ण विषय बताते हुए इस पर गंभीरता से कार्य करने की बात कही।

मुख्य बिंदु

  • आय के नए स्रोत विकसित करेगी मनपा
  • आर्थिक स्थिति सुधारने पर रहेगा फोकस
  • फील्ड में उतरकर करेंगे विकास कार्यों की समीक्षा
  • सफाई, आय और पार्किंग व्यवस्था पर रहेगा जोर
  • अतिक्रमण करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
  • नए आयुक्त ने दिए सुशासन के संकेत

पार्किंग व्यवस्था सुधारने के प्रयास

अमरावती शहर की स्वच्छता व सुंदरता के साथ ही पार्किंग व्यवस्था को सही व सुचारू बनाने के लिए प्रमुखता से प्रयास किए जाएंगे। वहीं सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों को भी अब बख्शा नहीं जाएगा।

स्कूलों व ट्यूशन क्लासेस के फायर ऑडिट

आयुक्त ने मनपा के स्कूलों की जर्जर हालत पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए वे जल्द ही प्रयास करेंगे। वहीं शहर के कई स्कूलों में फायर ऑडिट न कराने वालों पर कार्रवाई करने का मानस जताया। साथ ही कहा कि अग्निशमन विभाग को जरूरत के हिसाब से अपडेट किया जाएगा। उन्होंने इन सभी कार्यों पर प्रमुखता से प्रयास करने पर जोर दिया।

रिक्त पदों पर होगी भर्ती

अमरावती महानगरपालिका के कई विभागों में मानवबल की कमी रहने से पहले रिक्त पदों को भरने का प्रयास किया जाएगा। यहां की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए आय के स्रोत बढ़ाने पर लक्ष्य दिया जाएगा। मनपा से जुड़े सभी विषयों पर स्थायी मार्ग निकालने का प्रयास करने की बात पर उन्होंने जोर दिया। आयुक्त ने कर्मचारियों के वेतन में हो रहे विलंब पर जल्द नियोजन करने की जरूरत बताई। आयुक्त ने मनपा के कार्यों में जनता व मीडिया से सहयोग करने की अपील भी की।

Navbharat Live
navbharatlive.com