किसान परेशान (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Amravati News: अतिवृष्टि और प्राकृतिक आपदाओं से पहले ही परेशान किसानों की मुसीबतें थमने का नाम नहीं ले रहीं। हाथों में आया सोयाबीन पूरी तरह नष्ट हो गया, अब कपास की फसल भी बरबाद हो रही है। ऐसे में किसानों को उम्मीद थी कि मक्का फसल से कुछ आर्थिक राहत मिलेगी, लेकिन सरकार की लापरवाही ने वह उम्मीद भी तोड़ दी है।
हर साल दिवाली से पहले शुरू होने वाला मक्का खरीदी पोर्टल इस बार अभी तक शुरू नहीं हुआ है नतीजतन किसानों को गारंटीमूल्य के बजाय आधे दामों में मक्का बेचने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
सरकार ने मक्का का गारंटी मूल्य 2 हजार 400 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है, लेकिन वर्तमान में किसान सिर्फ 1 हजार 100 रुपए से 1 हजार 200 रुपए प्रति क्विंटल के भाव पर मक्का बेच रहे हैं। इससे किसानों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है।
जिले में मक्का की सर्वाधिक खेती धारणी और चिखलदरा तहसीलों में होती है। इन क्षेत्रों के आदिवासी किसान मक्का पर ही आर्थिक रूप से निर्भर हैं। इसके अलावा अचलपुर, मोर्शी और वरुड तहसीलों में भी कुछ मात्रा में मक्का की खेती होती है। मगर दिवाली बीत जाने के बावजूद सरकार द्वारा खरीदी पोर्टल शुरू न किए जाने से किसानों में निराशा और आक्रोश है।
एक ओर अतिवृष्टि, कीट और प्राकृतिक आपदाओं से किसान कर्ज के बोझ तले दबे हैं, तो दूसरी ओर सरकारी विलंब के कारण उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। भातकुली, नांदगांव खंडेश्वर, तिवसा, दर्यापुर, अंजनगांव सुर्जी और धामणगांव रेलवे तहसीलों में इस साल मक्का की बुआई ही नहीं हुई। अमरावती और चांदूर रेलवे तहसीलों में भी कुछ गिने-चुने किसानों ने ही मक्का बोया है।
जिले में कुल 43,848.60 हेक्टेयर क्षेत्र में मक्का की खेती की गई है। किसानों का कहना है कि अगर सरकार ने मक्का खरीदी पर जल्द स्पष्ट नीति नहीं बनाई, तो जैसे जवस, सूरजमुखी, मूंग और उड़द की खेती घटती गई, वैसे ही मक्का का क्षेत्रफल भी घट जाएगा।
यह भी पढ़ें – पेट्रोल नहीं, खाना नहीं…किसान आंदोलन से नागपुर बंद! लगा 30 किमी लंबा जाम, 12 घंटे से फंसे लोग
सरकार ने गारंटीमूल्य से कम दर पर फसल खरीदने वाले व्यापारियों पर कार्रवाई के आदेश जारी किए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इसकी कोई अमलवारी नहीं दिख रही। खुले बाजार में सोयाबीन हो या मक्का सभी फसलों की खरीद गारंटीमूल्य से कम दाम पर ही हो रही है, ऐसा किसानों का कहना है।
| तहसील | क्षेत्र |
|---|---|
| धारणी | 27,160.20 |
| चिखलदरा | 14,299.10 |
| अमरावती | 44.30 |
| चांदूर रेलवे | 21.00 |
| अचलपुर | 625.00 |
| मोर्शी | 319.00 |
| चांदूर बाजार | 67.00 |
| वरुड | 1,220.00 |
| कुल | 43,848.60 |