Amravati District Navratri Festival News: धामणगांव रेल्वे में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण चरम पर है। प्राचीन माताजी मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे पूरे शहर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
शहर के मध्य स्थित इस प्राचीन देवस्थान में चैत्र और अश्विन नवरात्रि का पर्व हर वर्ष धूमधाम से मनाया जाता है। इस वर्ष भी नवरात्रि के उपलक्ष्य में विविध धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया है।
श्रद्धालुओं द्वारा नवस पूर्ति के तहत 251 अखंड दीपज्योत नौ दिनों तक निरंतर प्रज्वलित की जा रही हैं। सप्तमी के दिन देवी का कुमकुम अभिषेक किया जाएगा, जबकि अष्टमी पर हवन-पूजन का आयोजन रखा गया है।
26 मार्च को श्रीराम नवमी के अवसर पर महाप्रसाद वितरण के साथ नवरात्रि उत्सव का समापन किया जाएगा।
मंदिर परिसर में महादेव, भैरव बाबा और शीतला माता के मंदिर भी स्थित हैं। मुख्य गर्भगृह में आदिशक्ति की आकर्षक संगमरमर प्रतिमा स्थापित है। साथ ही वैष्णो देवी की झांकी और भगवान शंकर की पिंड का दर्शन भी श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।
प्रतिदिन सुबह कन्या भोजन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सैकड़ों बालिकाओं को भोजन कराया जाता है। वहीं तड़के होने वाली मंगल आरती में पंचक्रोशी क्षेत्र की सैकड़ों महिलाएं दूर-दूर से पैदल पहुंचकर सहभागिता कर रही हैं।
उत्सव के सफल आयोजन के लिए पुजारी पप्पू महाराज सहित सैकड़ों श्रद्धालु सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।