Chandur Tehsil Patwari Arrest: अमरावती भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने शनिवार को तहसील में एक पटवारी को 7 हजार रुपए की रिश्वत स्वीकारते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी ने किसान के फसल नुकसान की भरपाई का मुआवजा मिलने के बाद बख्शिश के तौर पर रिश्वत की मांग की थी. रिश्वतखोर पटवारी का नाम रामेश्वर सोमेश्वर मलमकर 49 है. शिकायतकर्ता के पिता के नाम पर खेती है.
अतिवृष्टि के कारण उनकी संतरा, सोयाबीन, तुअर और चने की फसल को भारी नुकसान हुआ था. शिकायतकर्ता ने इसके लिए फसल बीमा का दावा किया था. नुकसान का पंचनामा करने के लिए पटवारी रामेश्वर मलमकर आए थे. पंचनामा होने के बाद सरकार की ओर से 97 हजार 500 की मुआवजा राशि शिकायतकर्ता के पिता के बैंक खाते में जमा हुई. इस काम को करने के बदले में पटवारी ने इनाम के तौर पर शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपए की मांग की. शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत एसीबी में की.
एसीबी ने विरुल स्टॉप के पास जाल बिछाया गया. बातचीत के दौरान रिश्वत की राशि 7 हजार तय हुई. जैसे ही आरोपी पटवारी ने यह रकम स्वीकार की, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया. आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. उक्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बापू बांगर, अपर पुलिस अधीक्षक सचिंद्र शिंदे और पुलिस उपअधिक्षक सुनील किनगे के मार्गदर्शन में सुजाता बन्सोड सहित अन्यों ने की. फोटोरिश्वत